नेटवर्क महानगर/वाराणसी
यूपी में अब बिजली चोरी की सूचना देना और भी आसान हो गया है। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने ‘बिजली मित्र’ पोर्टल शुरू कर ईमानदार नागरिकों को गुमनाम रूप से चोरी रिपोर्ट करने घर बैठे आसान सुविधा प्रदान की है। यूपीपीसीएल डाट ओआरजी डाट इन (uppcl.org.in) पर ‘बिजली मित्र’ लिंक के माध्यम से कोई भी व्यक्ति बिना अपनी पहचान बताए बिजली चोरी की सूचना दर्ज कर सकता हैं।
इस पोर्टल पर चोरी के स्थान का पूरा पता देना (अनिवार्य) है। वहीं चोर का नाम (यदि पता हो), संबंधित डिवीजन या बिजली घर का नाम और उपलब्ध फोटो व वीडियो अपलोड करने का विकल्प दिया गया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से बिजली चोरी रोकने में काफी मदद मिलेगी।
वर्तमान में वाराणसी समेत पूरे प्रदेश में बिजली चोरी के मामलों में सख्ती बरती जा रही है। हाल ही में विभाग ने हाई लाइन लास फीडर क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कई चोरों पर कार्रवाई की और जुर्माना वसूला। फिर भी कुछ शरारती तत्व मीटर छेड़छाड़, अनधिकृत कनेक्शन और हुकिंग के जरिए चोरी कर रहे हैं, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को महंगी बिजली और लोडशेडिंग का सामना करना पड़ रहा है।
यूपीपीसीएल ने अपील की कि बिजली चोरी न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान है, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करती है। इससे बिजली की उपलब्धता प्रभावित होती है और बिल भी बढ़ते हैं। ‘बिजली मित्र’ पोर्टल का इस्तेमाल कर नागरिक सीधे विभाग को सूचना दे सकते हैं। सूचना पूर्णतः गुमनाम रहेगी और शिकायतकर्ता की कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
