bandra security guard murder
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में सोमवार, (13 अप्रैल) को एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना खेरवाड़ी क्षेत्र में म्हाडा कार्यालय के सामने हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फ़ैल गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। मृतक की पहचान अभिनव चौधरी (56) के रूप में हुई है, जो बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला था। वह एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था और वकोला, सांताक्रूज पूर्व में रहता था।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फोन कॉल का जवाब न देने को लेकर विवाद किया और फिर सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हुई। हमले में मृतक की गर्दन और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भाभा अस्पताल भेज दिया गया है। परिमंडल 8 के पुलिस उपायुक्त मनेश कलवानिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मामूली विवाद का लग रहा है, लेकिन असली वजह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसकी जांच के बाद आरोपी की पहचान कर ली गई। पुलिस टीमों ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद अचानक कैसे इतना बढ़ा।
वहीं, दिनदहाड़े एक सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हुई हत्या ने आसपास के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। लोग अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और विवादों को बातचीत से सुलझाने की अपील की है।
