राजेश जायसवाल/मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार, (8 मई 2026) को मुंबई के अंधेरी में ‘जन सेवा कनेक्ट’ योजना के तहत नवीनीकृत अंधेरी आर एस (RS) पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया। यह पहल नागरिक-केंद्रित डाक बुनियादी ढांचे के विस्तार और अधिक भीड़भाड़ वाले शहरी केंद्रों में सेवाओं की सुलभता बढ़ाने की दिशा में डाक विभाग के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
मूल रूप से 1932-33 में स्थापित, अंधेरी (आर एस) डाकघर के पास नौ दशकों से अधिक की जन सेवा की विरासत है। यह नवीनीकरण ‘जन सेवा कनेक्ट’ परियोजना के तहत किया गया है। जो इंडिया पोस्ट की एक प्रमुख आधुनिकीकरण पहल है। जिसका उद्देश्य पारंपरिक डाकघरों को समकालीन, ग्राहक-केंद्रित और प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवा केंद्रों में बदलना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। यह परियोजना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, नई दिल्ली (एसपीए नई दिल्ली) की साझेदारी से शुरू की गई है।
इस उन्नत सुविधाओं में बेहतर बुनियादी ढांचा और आधुनिक आंतरिक सज्जा, बेहतर ग्राहक सुविधाएं, बेहतर कार्यक्षमता, डिजिटल एकीकरण और कुशल सेवा वितरण तथा मजबूत ब्रांडिंग और दृश्य पहचान शामिल है। यह पहल इंडिया पोस्ट की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत वह जन विश्वास की अपनी विरासत को बनाए रखते हुए, परंपरा और प्रौद्योगिकी के बीच सेतु का काम करता है।
भारतीय डाक: एक नई पहचान के साथ विरासत!
170 वर्षों से अधिक की विरासत और 1.5 लाख से अधिक डाकघरों के नेटवर्क के साथ भारतीय डाक पूरे भारत में वित्तीय समावेशन और डिजिटल जन सेवाओं का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बना हुआ है। विभाग ने 2025-26 में सकल डाक राजस्व में 16% की स्वस्थ वृद्धि दर्ज की है, जो इसके चल रहे कायाकल्प की मजबूती और प्रासंगिकता को दर्शाता है। नवीनीकृत अंधेरी आर एस डाकघर इस विकास का प्रतीक है, जो औपनिवेशिक काल की एक संस्था से बदलकर एक आधुनिक, कुशल और ‘नागरिक-प्रथम’ सेवा वितरण केंद्र बन गया है।

CM फडणवीस ने की ‘इंडिया पोस्ट’ की क्षमता की सराहना!
अंधेरी रेलवे स्टेशन उप डाकघर उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सम्बोधन द्वारा समाज में मानवीय भावनाओं के वाहक के रूप में ‘इंडिया पोस्ट’ की भूमिका पर ज़ोर दिया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी सेवाएं पहुंचाने की उसकी क्षमता की भी सराहना की।
वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पहल को एक आधुनिक, भविष्योन्मुखी और नागरिक-केंद्रित डाक बुनियादी रचना तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह पहल हमारे सम्मानित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिवर्तन, नवाचार और जन-विश्वास वाले ‘नए भारत’ की एक सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करती है।

‘जन सेवा कनेक्ट’ के बारे में…
‘जन सेवा कनेक्ट’ इंडिया पोस्ट की एक प्रमुख बुनियादी ढांचा आधुनिकीकरण पहल है। इसे डाकघरों को सुलभ, कुशल और डिजिटल रूप से सशक्त ‘सामुदायिक सेवा केंद्रों’ के रूप में पुनर्परिभाषित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जो पूरे भारत में समावेशी विकास और ‘अंतिम-मील कनेक्टिविटी’ (Last-mile connectivity) सुनिश्चित करने के विभाग के मिशन को और अधिक सुदृढ़ बनाती है। अंधेरी RS डाकघर (PO) भारत का दूसरा और महाराष्ट्र का पहला ऐसा डाकघर है, जिसका उद्घाटन ‘जन सेवा परियोजना’ के अंतर्गत किया गया है। इंडिया पोस्ट ने ‘जन सेवा कनेक्ट परियोजना’ के तहत पूरे महाराष्ट्र में लगभग 2000 डाकघरों को उन्नत (अपग्रेड) करने का प्रस्ताव रखा है।
