नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के गोवंडी इलाके से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रतिष्ठित स्कूल का चपरासी 6 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करता था। 45 वर्षीय चपरासी पिछले एक साल से 6 साल की मासूम छात्रा को अपनी हवस का शिकार बना रहा था। वो छात्रा को डरा-धमकाकर एक खाली कमरे में ले जाकर इस घिनौनी हरकत को अंजाम देता था। किसी तरह बच्ची ने अपने परिजनों को ये बात बताई, जिसके बाद ही मामले का खुलासा हो सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासा?
छात्रा घर से तो स्कूल में पढ़ने जाती थी, लेकिन यह शख्स उसे अपने साथ मौका पाते ही एक खाली कमरे में ले जाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था। छात्रा इस घटना से डर के साये में जी रही थी। एक दिन पीड़ित छात्रा ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने माता-पिता को बताई। माता-पिता को जब बात पता चली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की गंभीरतो को देखते हुए माता-पिता ने तुरंत गोवंडी पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चपरासी को गिरफ्तार कर लिया है। गोवंडी पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आरोपी किसी और बच्चे के साथ भी ऐसा व्यवहार करता था?
गौरतलब है कि ठाणे के बदलापुर स्थित एक स्कूल में पुरुष सफाईकर्मी द्वारा दो बच्चियों के यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। अब गोवंडी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में हुई इस तरह की वारदात ने एक बार फिर स्कूलों में पढ़ने वाली बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
