नेटवर्क महानगर/लखनऊ
लखनऊ के विभूति खंड इलाके में भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े एक युवक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अयोध्या निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम अपने कुछ दोस्तों के साथ लखनऊ आया था। घटना विभूति खंड क्षेत्र में स्थित जलवा क्लब के पास हुई, जहां मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। शिवम सिंह को 26 मई सुबह करीब चार बजे लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास गंभीर रूप से घायलावस्था में पाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत सिगरेट लेने को लेकर हुई थी और देखते ही देखते कहासुनी-मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने शिवम सिंह को बेरहमी से पीटा और फिर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद शिवम सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को इलाज के लिए केएनएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर शिवम के भाई सौरभ सिंह, परिवार के अन्य सदस्य और कई दोस्त मौजूद रहे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
शिवम की मौत सिर में पत्थर लगने से हुई
पुलिस का कहना है कि शिवम की मौत सिर में पत्थर लगने से हुई है। वहीं, परिवार का आरोप है कि उसे योजनाबद्ध तरीके से पीट-पीटकर मार डाला गया। परिजनों के मुताबिक शिवम के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान थे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है और कहा कि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो शायद शिवम की जान बच सकती थी।
मृतक शिवम सिंह अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा से जुड़े थे और उन्हें इलाके में सक्रिय कार्यकर्ता माना जाता था। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस मामले में पुलिस ने शिवम के भाई सौरभ सिंह की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
अयोध्या के शिवम सिंह (28) अपने दोस्तों निलेश और जीशान के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे। बुधवार, (27 मई) की देर रात ‘जलवा क्लब’ के सामने सिगरेट पीने को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शिवम की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल शिवम मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। घटना के बाद शिवम के मोबाइल से उनके भाई सौरभ सिंह को सूचना दी गई। सूचना पाकर परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए। अस्पताल में बेड खाली न होने के कारण उन्हें गोमतीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जहां इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई। मंगलवार देर शाम पीड़ित भाई सौरभ सिंह ने विभूतिखंड थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह का कहना है रविवार देर रात ‘जलवा क्लब’ में पार्टी खत्म होने के बाद सभी बाहर निकले थे। इस दौरान एक गुमटी पर खड़े होकर सिगरेट ले रहे थे। तभी वहां बाइक सवार तीन लड़के आए। उन्होंने भी सिगरेट मांगी। इस पर शिवम ने एक सिगरेट दे दी। लड़के और मांगने लगे तो विवाद होने लगा। इसके बाद सब वहां से निकल गए। शिवम ने अपने एक परिचित आशीष नाम के व्यक्ति को कॉल करके झगड़े की जानकारी दी।
इस पर उन्होंने विवाद खत्म करके घर जाने के लिए कहा। कठौता झील के पास पहुंचकर शिवम अपने साथियों के साथ रुका था। तभी वह लड़के फिर पहुंच गए और ईंट पत्थर चलने लगे। तभी वहां से शिवम के साथी भागने लगे। नीलेश और शिवम कार में बैठने लगे। तभी एक ईंट शिवम के सिर पर लग गया। जिससे बेसुध होकर गिर गया और नीलेश गाड़ी लेकर भाग निकला। आधे घंटे तक पड़े रहने के बाद एक राहगीर की नजर पड़ी तो उसने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद परिवार के लोग निजी अस्पताल में लेकर चले गए। वहां पर बुधवार रात 12 बजे युवक की मौत हो गई है।
