नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) रेलवे पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने गोवंडी से चेंबूर के बीच चलती लोकल ट्रेन में एक यात्री को जान से मारने की धमकी दी थी और इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एलटीटी रेलवे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रमजान फकीर मोहम्मद इब्राहीम कुरेशी उर्फ इब्बा (36) निवासी शिवाजी नगर के रूप में की गई है।
घटना मुंबई लोकल ट्रेन में उस समय हुई जब आरोपी नशे की हालत में था और यात्रियों के बीच आक्रामक व्यवहार कर रहा था। वायरल वीडियो में उसे यह कहते हुए सुना गया कि मैंने चार मर्डर किए हैं, अगला नंबर तुम्हारा है! इस बयान के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेलवे पुलिस की टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में था और उसका व्यवहार पूरी तरह से असामान्य था। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है या नहीं?
इस घटना ने एक बार फिर लाइफलाईन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजाना लाखों यात्री लोकल ट्रेनों में सफर करते हैं और इस तरह की घटनाएं यात्रियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं।
रेलवे पुलिस ने कहा है कि इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ धमकी देने, सार्वजनिक स्थान पर भय फैलाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के बयान में कितनी सच्चाई है, विशेषकर उसके द्वारा कथित तौर पर ‘4 मर्डर’ किए जाने के दावे की पुष्टि की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
रेलवे पुलिस के मुताबिक, 29 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मुंबई की डाउन दिशा में चलने वाली लोकल ट्रेन में यह घटना रिकॉर्ड की गई थी। यह लोकल ट्रेन सीएसएमटी से रवाना हुई थी और रात करीब 22:34 बजे गोवंडी स्टेशन के आसपास से गुजर रही थी। इसी दौरान गोवंडी और चेंबूर रेलवे स्टेशन के बीच नवी मुंबई के उलवे निवासी यात्री सुरेंद्र शुक्ला (55) के साथ आरोपी का विवाद हो गया। पीड़ित शुक्ला ने बताया कि उन्होंने गोवंडी से ट्रेन पकड़ी थी, और आरोपी नशे में धुत होकर फोन पर किसी से गाली-गलौज कर रहा था। डिब्बे में महिला यात्रियों के होने के चलते उन्होंने उसे गाली-गलौज न करने को कहा, जिससे आरोपी भड़क गया। विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया और पीड़ित यात्री को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से पूरे डिब्बे में भय और तनाव का माहौल बन गया। ट्रेन में मौजूद किसी अन्य यात्री ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो कुछ ही घंटों में तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। डिटेक्शन टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया गया और उसे रे रोड रेलवे स्टेशन के बाहर से हिरासत में लिया गया।
