नेटवर्क महानगर/जौनपुर
जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला की नृशंस तरीके से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। रविवार, (5 जुलाई 2026) की सुबह हाईवे के किनारे मिले एक 25 वर्षीय महिला के हाथ-पैर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज 14 घंटे के भीतर ही आरोपी युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। महिला की पहचान वाराणसी की रेशमा खातून उर्फ सना (38) के रूप में हुई, उसके पति ने शव की शिनाख्त कर ली है।
बताया जा रहा है कि महिला के शव को तीन टुकड़ों में काटा गया था और पैर को ठिकाने लगाते वक्त आरोपी संग पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किये गए चाकू, गड़ासा, पिस्तौल और महिला का कटा हुआ हाथ और पैर बरामद किया है।
मड़ियाहू पुलिस ने बताया है कि महिला पकड़े गए आरोपों की प्रेमिका थी और आरोपी ने ही हाथ और पैर काटकर महिला के शव को काले रंग की पॉलीथिन में लपेटकर रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मौके से महिला के काले रंग का लोवर और प्रिंटेड समीज भी बरामद किया है।

मोबाइल चैट से हुआ लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत!
बीते 5 जुलाई को मड़ियाहूं कोतवाली के रानीपुर और रामनगर क्षेत्र में मिलने वाले महिला के शव को लेकर पुलिस ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली की घटना में शामिल आरोपी रामनगर ब्लॉक गेट की तरफ जा रहा है, जिसके बाद मौके पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक से आ रहे आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद वह भागने लगा। वहीं, खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खाखरिया उर्फ दिलीप (42) के रूप में हुई है। वह गुजरात के भावनगर का रहने वाला है और वर्तमान में मड़ियाहू के टीचर्स कॉलोनी में रह रहा था और AC रिपेयरिंग का काम करता है।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि 4 जुलाई 2026 को वह शादीशुदा मृतका रेशमा खातून उर्फ सना (प्रेमिका) को वाराणसी के बाबतपुर स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया था। वहां, रेशमा मोबाइल फोन पर किसी और से चैटिंग करने लगी थी। जब इसका पता उसे चला तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, तभी गुस्से में आकर उसने सोते वक्त चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी और अपना जुर्म तथा पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर अलग-अलग क्षेत्र में फेंक दिया। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने रेशमा के धड़ को रानीपुर बाईपास के पास स्थित झाड़ियों में फेंक दिया और हाथ-पैर को ठिकाने लगाने के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया है कि आरोपी को इस बात की जानकारी हो गई थी कि शव बरामद कर लिया गया है और मृतका की शिनाख्त कराई जा रही है, जिसके बाद उसने हाथ और पैर दोनों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसी दौरान पुलिस के साथ आरोपी की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने, अवैध हथियार रखने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
कैसे मौके पर पहुंचीं पुलिस?
राहगीरों द्वारा पुलिस को जानकारी मिली कि रविवार, (5 जुलाई) की सुबह मॉर्निंग वॉक करने निकले लोगों को सड़क के किनारे एक काले रंग की पॉलिथीन दिखाई दी। लोगों ने आशंका जताई कि इसमें कोई संदिग्ध चीज हो सकती है, इसके बाद राहगीरों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पॉलिथीन के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ। महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया, घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मड़ियाहूं के सीओ विजय चौधरी ने बताया कि आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) पुत्र भूपेंद्र भाई खखरिया ने पुलिस को बताया कि 2 महीने पहले उसकी मुलाकात वाराणसी राजातालाब के गांव केवलीपुर की रहने वाली रेशमा खातून उर्फ सना से हुई। बातचीत के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए। इस बीच उसने सना को 20 हजार रूपये महीने की नौकरी दिलवाने की बात कर उसे अपने पास बुला लिया और 18 हजार की सैलरी पर एक निजी कंपनी में नौकरी भी लगवा दी थी। फिर दोनों साथ ही रहने लगे थे। बीच-बीच में सना वाराणसी अपने पति के घर भी जाती रही। शनिवार, (4 जुलाई) की शाम उसने सना से मोबाइल मांगा और कहा कि तुम्हारा वाट्सऐप चैट देखनी है। सना ने इससे इनकार किया तो वह भड़क उठा और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। रात करीब 9 बजे सोते वक्त उसने चाकू से सना की गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए मार्केट गया जहां से गड़ासा और ब्लैक पॉलिथीन खरीदकर लाया। शव के तीन टुकड़े किए। रात के अंधेरे में एक हिस्सा 2 किमी. दूर रानीपुर बाईपास के पास सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक आया। दूसरा हिस्सा 4 किमी दूर रामनगर पुलिया के पास फेंक आया। इस बीच उसे पता चल गया कि पुलिस ने दोनों पॉलीथिन बरामद कर ली है। इसलिए रविवार रात ही सना के हाथ और पैरों को ठिकाने लगाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयोग किए चाकू, गड़ासा, एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, महिला के कटे हुए पैर, बाइक और महिला का मोबाइल बरामद किया है। उसके खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध असलहा रखने समेत अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था।
वारदात में 4-5 लोग हैं शामिल?
वहीं, महिला के पति रहीम खान ने रोते हुए बताया कि मेरी पत्नी रेशमा खान की हत्या एक नहीं बल्कि चार से पांच लोगों ने मिलकर की है। उसे नौकरी के बहाने बुलाया गया था। कहा गया था कि 20 हजार सैलरी मिलेगी। लेकिन एक बार 6 हजार और दूसरी बार 8 हजार रुपये दिए गए। सोशल मीडिया पर पत्नी की हत्या की जानकारी हुई। जिसके बाद अपने एक दोस्त को मड़ियाहूं थाने भेजकर फोटो मंगवाई। तब पता चला कि उसे बुरी तरीके से मारकर काट दिया गया। पति के मुताबिक, उसके तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र 20 साल और दो बेटियों की उम्र 19 और 14 साल है।
