मुंबई, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उनके जन्मदिन पर एक विशेष भेंट प्राप्त हुई, जिसे पाकर वे भावुक हो उठे। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से एक कैंसर ग्रस्त बालक को जीवनदान मिला था। मजदूरी करने वाले इस बच्चे के परिजनों ने कृतज्ञता जताते हुए मुख्यमंत्री सहायता कोष के लिए एक सौ एक रुपए की मदद की। औरंगाबाद जिले के कनकोरी निवासी पांच वर्षीय वेदांत भागवत पवार पित्ताशय के कैंसर से पीड़ित था। वेदांत के पिता वालूज औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते हैं, जबकि मां खेत मजदूर है। ऐसे में परिवार को वेदांत के उपचार की चिंता सता रही थी। इस बच्चे की बुआ रेणुका गोंधली ने मोबाइल के जरिए मुख्यमंत्री को मदद के लिए संदेश भेजा। इस संदेश का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से बच्चे के उपचार के लिए तत्काल 1 लाख 90 हजार रुपए की मदद की गई। इस मदद की वजह से बच्चे का मुंबई स्थित एसआरसीसी चिल्ड्रन अस्पताल में उपचार संभव हुआ। इससे बच्चे को जीवनदान मिला। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से वेदांत के परिजन कृतज्ञ हो गए। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर रेणुका गोंधली ने अपने मजदूरी के पैसे से 101 रुपए का मनीऑर्डर मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि में भेजा। इसके साथ उन्होंने सीएम को एक पत्र लिखकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं…! उसने लिखा कि आपने मेरे मोबाइल संदेश पर दखल देते हुए मेरे भतीजे को जीवनदान दिया। इसी तरह की सेवा आपके जरिए अन्य सामान्य लोगों को मिल सके, इसके लिए मैं मेरी मजदूरी की रकम मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष में भेज रही हूं। आपको परमेश्वर लंबी आयु प्रदान करें।
मुख्यमंत्री सहायता कोष में 1.75 करोड़ जमा
बता दें कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का जन्मदिन था। जन्मदिन पर देश भर से शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री ने जन्मदिन नहीं मनाने तथा गरीब मरीजों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में निधि देने का आव्हान किया था। फडणवीस के आव्हान का सम्मान रखते हुए विभिन्न संस्थाओं तथा लोगों ने तकरीबन 1.75 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष में दान किये। इन सभी का मुख्यमंत्री फडणवीस ने आभार प्रकट किया है।

CM ने बंगले पर लगाया पौधा
मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर अपने सरकारी आवास वर्षा बंगले पर रूद्राक्ष का पौधा लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भूषण गगरानी, म्हाडा के उपाध्यक्ष और कार्यकारी अधिकारी मिलिंद म्हैसकर और वर्षा स्थित कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित थे। अमरावती की सांसद नवनीत राणा अपने पति और विधायक रवि राणा के साथ वर्षा बंगले पर पहुंची, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अपने पहले वेतन का चेक मुख्यमंत्री सहायता कोष के लिए सौंपा।
