'गणराया' के आगमन के पहले सड़कों के गड्ढों को भरने की गुहार...

मुंबई, २ सितम्बर को गणपति बप्पा का आगमन होना है। जिसमें अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। सड़कों पर पड़े गड्ढे गणपति बप्पा के आगमन में विघ्न डाल सकते हैं। बुधवार को स्थाई समिति में सत्ताधारी शिवसेना सहित सभी पार्टी के सदस्यों ने गणपति बप्पा के आगमन के पहले सड़कों पर बने गड्ढों को भरने की गुहार लगाई। अंधेरी के छोटे रास्तों को सीमेंट कंक्रीट करने का प्रस्ताव लाया गया था। स्थाई समिति में इस प्रस्ताव पर कांग्रेस नगरसेवक आसिफ जकरिया ने आरोप लगाया कि बांद्रा में बारिश पूर्व बनाई गई सड़कें बारिश के दौरान बह गईं। सड़कों पर गड्ढों की भरमार हुई है। शिवसेना नगरसेविका राजुल पटेल ने सड़कों की हालत खस्ता होने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि कोल्ड मिक्स से भरे जाने वाले गड्ढों पर 12 घंटे तक वाहन नहीं चलने चाहिए, ऐसा मनपा सड़क विभाग के अधिकारियों का कहना है। हॉट मिक्स का उपयोग भी किए जाने का आरोप लगाया। मनपा के विरोधी पक्ष नेता रविराजा ने तो यहां तक आरोप लगाया कि आज भरा गया गड्ढा दूसरे दिन उखड़ जा रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल दोगुना कोल्ड मिक्स उपयोग किया गया। इसके बावजूद सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। समाजवादी पार्टी नेता रईश शेख ने आरोप लगाया कि सड़कों की हालत इतनी खस्ता हुई है कि बप्पा के आगमन में विघ्न हो सकता है। स्थाई समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव ने सड़क विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों की हालत तत्काल सुधारी जाए। मनपा द्वारा करोड़ों रुपए कोल्ड मिक्स पर खर्च किया गया है, इसके बावजूद कोल्ड मिक्स के उपयोग से गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं तो कोल्ड मिक्स तकनीकी के लिए सोचना पड़ेगा। स्थाई समिति में सड़क विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं होने से अतिरिक्त आयुक्त आबा साहेब जराड़ की हालत पतली हो गई, वह किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पाए।

