नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों, कॉर्पोरेट्स, CSR (Corporate Social Responsibility) संगठनों, NGOs, समाजसेवी संस्थाओं और विशेषज्ञों को मुंबई के सिविक डेवलपमेंट से जोड़ने के लिए ‘पार्टिसिपेट मुंबई’ पहल लॉन्च की है। इस पहल का उद्देश्य शहरी विकास में भागीदारी के लिए एक स्ट्रक्चर्ड और सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है।
मंगलवार, (6 अक्टूबर 2026) को बीएमसी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री मंगलप्रभात लोढा, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, महापौर रितु तावड़े और राज्य एवं महानगरपालिका के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बीएमसी के मुताबिक, ‘पार्टिसिपेट मुंबई’ के तहत 450 से ज्यादा सिविक प्रोजेक्ट्स और जरूरतों को एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनियां, CSR संस्थाएं, NGOs, विशेषज्ञ और आम नागरिक इन प्रोजेक्ट्स से जुड़कर टेक्नोलॉजी, विशेषज्ञता, स्किल, सामग्री, उपकरण, सेवाएं, इम्प्लीमेंटेशन सपोर्ट और वॉलंटियर के तौर पर योगदान दे सकेंगे। हेल्थ, एजुकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण, सोशल वेलफेयर, गार्डन-पार्क और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्र इसमें शामिल हैं।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए वेरिफाइड और जरूरत आधारित परियोजनाओं के लिए CSR और फिलैंथ्रोपिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। CSR फंड सीधे नगर निगम को ट्रांसफर करने के बजाय संगठनों को प्रोजेक्ट से संबंधित सामग्री, उपकरण, तकनीक, सेवाएं, विशेषज्ञता और इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे कंपनियां अपने CSR उद्देश्यों के अनुरूप प्रोजेक्ट चुन सकेंगी।
लॉन्च के दौरान बीएमसी और समग्र संस्था के बीच एक समझौता भी किया जा रहा है। यह साझेदारी गवर्नेंस और पब्लिक सर्विस डिलीवरी से जुड़े सुधारों पर केंद्रित होगी। इसके तहत शिकायत निवारण, इमरजेंसी रिस्पॉन्स, प्रशासनिक दक्षता और नागरिकों तथा महानगरपालिका के बीच संवाद को बेहतर बनाने जैसे क्षेत्रों में काम किया जाएगा।
नागरिकों को मिलेगा भागीदारी का मंच
‘पार्टिसिपेट मुंबई’ नागरिकों को स्थानीय समस्याओं की पहचान करने, समाधान सुझाने और विकास गतिविधियों में भाग लेने का अवसर देगा। प्लेटफॉर्म पर लोग BMC की ओर से सूचीबद्ध प्रोजेक्ट्स देख सकेंगे, रुचि दर्ज कर सकेंगे, प्रस्ताव जमा कर सकेंगे और स्क्रूटनी-अप्रूवल प्रक्रिया के बाद प्रोजेक्ट की प्रगति व नतीजों को ट्रैक कर सकेंगे।
