नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के एक विवादित बयान को लेकर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। दरअसल, कांग्रेस नेता सपकाल ने छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुल्तान से कर दी, जिस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाराजगी जाहिर की और उनके बयान की कड़ी निंदा की है।
हर्षवर्धन सपकाल ने अपने एक बयान में कहा था कि जिस तरह छत्रपति शिवाजी महाराज ने बहादुरी और आजादी का विचार दिया, उसी प्रकार टीपू सुल्तान ने भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। सपकाल के अनुसार, टीपू सुल्तान को भी छत्रपति शिवाजी महाराज के बराबर सम्मान दिया जाना चाहिए। उनके इस बयान के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का यह बयान निंदनीय है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने स्वराज्य की रक्षा और जनता की सुरक्षा के लिए संघर्ष किया, जबकि टीपू सुल्तान को लेकर इतिहास में कई विवादित चीजें मौजूद हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे वोटों के लालच में कितने भी जूते चाटे, महाराष्ट्र इसको सहन नहीं करेगा।
