Mumbai Metro Pillar Collapse News Updates
राजेश जायसवाल/मुंबई
मुलुंड (पश्चिम) इलाके में एक निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के एक पिलर का हिस्सा अचानक टूटकर गिरने से एक शख्स की मौत हो गई, वहीं चार लोगों के घायल होने की खबर है। मृतक की शिनाख्त हो गई है। हादसे के सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये बड़ा हादसा शनिवार दोपहर मुलुंड इलाके में जॉनसन गार्डन इलाके के पास एलबीएस रोड पर हुआ। जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास खड़ी कई गाड़ियां भी इसकी चपेट में आईं हैं। बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि ये हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ। एक ऑटो में सवार 4 लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक शख्स की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर का एक हिस्सा नीचे से गुजर रही एक कार और ऑटो के बीच में गिरा। ऐसे में दोनों वाहन इसकी चपेट में आ गए। गिरा हुआ सीमेंट ढांचा काफी भारी था, जिससे कार के आगे का हिस्सा और ऑटो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण अधिकारी, बीएमसी कर्मचारी, मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम और 108 एंबुलेंस सेवा के दल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए, राहत और बचाव कार्य जारी है। उपासनी अस्पताल के ऑपरेटर अजय से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की मृत्यु हो गई है।
मृतक के परिजनों को पांच लाख की आर्थिक मदद
वहीं, इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार की ओर से मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की है।
घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने बताया कि यह एमएमआरडीए की लापरवाही है। एमएमआरडीए के कमिश्नर संजय मुखर्जी ने हादसे के जांच के आदेश दिए हैं और थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग भी मैंने की है। मुंबई की महापौर रितु तावड़े भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
बता दें कि मेट्रो की लाइन 4 का मुलुंड पश्चिम में निर्माण चल रहा है। यह लाइन ग्रीन लाइन के तौर जानी जाती है। इस लाइन का कुछ हिस्सा 2026 और पूरी लाइन 2027 तक चालू होनी है। घटना के बाद मेट्रो के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
एमएमआरडीए के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे राजीव (मिलान) इलाके में मेट्रो लाइन कंस्ट्रक्शन के काम के पियर P196 के पास, मुलुंड फायर स्टेशन के पास हुई, जहां कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान एक पैरापेट सेगमेंट का एक हिस्सा ऊंचाई से नीचे गिर गया और एक गुजरते हुए ऑटो रिक्शा से टकरा गया। हादसे में कई लोग घायल हो गए और उन्हें तुरंत पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत पर नज़र रखी जा रही है और सभी ज़रूरी मेडिकल मदद दी जा रही है। मेट्रो प्रोजेक्ट टीम साइट पर है और बीएमसी और डिज़ास्टर मैनेजमेंट अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव के काम में लगी है और साइट को सुरक्षित किया जा रहा है।
हादसे की जांच की जाएगी
स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और यदि निर्माण में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, लोगों में निर्माणाधीन मेट्रो कार्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही क्षति और हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
मृतक और घायलों के नाम:-
1) रामधन यादव को मृत अवस्था में लाया गया।
2) राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर।
3) महेंद्र प्रताप यादव (52), अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर।
4) दीपा रुहिया, महिला (40), अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर।
