devendra fadanvis news
नेटवर्क महांनगर/मुंबई
महाराष्ट्र के किसानों को जून महीने में बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही संकेत दिया था कि किसान कर्जमाफी का निर्णय जून में लिया जाएगा। अब मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में किसान कर्जमाफी योजना को मंजूरी दे दी गई है। मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए इस निर्णय की औपचारिक घोषणा फिलहाल नहीं की जाएगी, क्योंकि विधान परिषद चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है।
कर्जमाफी से संबंधित नियम और शर्तों का विस्तृत परिपत्र सहकार विभाग द्वारा जारी किया जाएगा। इस योजना का लाभ राज्य के लगभग 56 लाख किसानों को मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि जून महीने में किसानों को राहत देने वाला निर्णय लिया जाएगा. उसी के अनुसार, आज मंत्रिमंडल की बैठक में किसान कर्जमाफी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सहकार विभाग द्वारा तय की जाने वाली शर्तों के आधार पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमाफी योजना को मंजूरी
मंत्रिमंडल ने 2 लाख रुपये तक के कृषि ऋण की माफी वाली पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमाफी योजना पर मुहर लगा दी है। बजट सत्र में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद इस संबंध में एक समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आज कैबिनेट ने योजना को मंजूरी दी.योजना के तहत किसानों के दो लाख रुपये तक के फसल ऋण माफ किए जाएंगे, जबकि नियमित रूप से फसल ऋण चुकाने वाले किसानों को 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा।
MLC चुनाव के बाद होगा लागू
विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद राज्य में इस योजना को लागू किया जाएगा। मंत्रिमंडल की मंजूरी के अनुसार, राज्य में 65 लाख से अधिक ऋण खातों के लिए 36,585 करोड़ रुपये की कर्जमाफी दी जाएगी। इस निर्णय का सीधा लाभ लगभग 56 लाख किसानों को मिलने वाला है।
