PM Modi Address to Nation LIVE
नयी दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोमवार (12 मई 2025) को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने ”ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर देश के सैनिकों के शौर्य को सलाम किया। पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि ”ऑपरेशन सिंदूर” सिर्फ नाम नहीं है, ये देश के कोटि-कोटि लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। ऑपरेशन सिंदूर, न्याय की अखंंड प्रतिज्ञा है। 6 मई की देर रात, 7 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है।
पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और गुलाम कश्मीर पर सैन्य कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत पर 400 से ज्यादा ड्रोन दागे। हालांकि, भारतीय एयर डिफेंस ने सभी ड्रोन को मार गिराया। चार दिनों तक चले सैन्य तनाव के बाद शनिवार शाम दोनों देशों ने सीजफायर का ऐलान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत द्वारा आतंकवादी ठिकानों पर किए गए निर्णायक हमले ने पाकिस्तान को झकझोर कर रख दिया, जिससे उसका नेतृत्व सकते में आ गया। आतंकवाद के खिलाफ भारत के प्रयासों का समर्थन करने के बजाय, पाकिस्तान ने हमारे धार्मिक स्थलों, स्कूलों, नागरिक घरों और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, इस शत्रुता ने पाकिस्तान की कमजोरियों को उजागर करने का ही काम किया।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि दुनिया ने देखा कि कैसे पाकिस्तान की मिसाइलों और ड्रोनों को भारत की उन्नत और मजबूत रक्षा प्रणालियों ने आसानी से बेअसर कर दिया, और उनके आक्रमण को हवा में ही ताश के पत्तों की तरह ध्वस्त कर दिया। जबकि, पाकिस्तान ने भारत की सीमाओं को निशाना बनाने का लक्ष्य रखा था, भारत ने रणनीतिक रूप से जवाब दिया, उनके मुख्य बुनियादी ढांचे पर सटीक प्रहार किया।
पीएम ने कहा कि इस आतंकी हमले के बाद सारा राष्ट्र, हर नागरिक, हर समाज, हर वर्ग, हर राजनीतिक दल एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए उठ खड़ा हुआ। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर, उनके ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया। आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है, लेकिन जब देश एकजुट होता है, ”नेशन फर्स्ट” की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है, तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आतंक के खिलाफ भारत की नीति है ”ऑपरेशन सिंदूर”। भारत कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेगा। हमने आतंकियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को सिर्फ स्थगित किया है। हमारी तीनों सेनाएं और बीएसएफ लगातार अलर्ट पर है। पीएम मोदी ने कहा, जब हमारी सेना ने ”ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए आतंकियों के ठिकानों को बर्बाद कर दिया तो पाकिस्तान ने आतंकियों का साथ दिया। आतंकियों पर हुए वार का बदला लेने के लिए पाकिस्तान ने हम पर वार किया, लेकिन हमने पाकिस्तान के सीने पर वार किया।
पीएम ने कहा कि हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा। मैं सबसे पहले, भारत की पराक्रमी सेनाओं को, सशस्त्र बलों को, हमारी खुफिया एजेंसियों को, हमारे वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की ओर से सैल्यूट करता हूं।
पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में नई लकीर खींची गई। हमारी सेना ने लक्ष्य हासिल किया है।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पीएम मोदी ने कहा कि आतंकियों ने हमारे देश के बहनों का सिंदूर उजाड़ा था इसलिए हमने उन आतंकियों के ठिकानों को उखाड़ फेंका।
पीएम मोदी के संबोधन की मुख्य बातें:-
पाकिस्तान ने हमारे घरों, मंदिरों और गुरुद्वारों को निशाना बनाया।
आतंकियों ने हमारी बहनों के सिंदूर उजाड़े, हमने आतंकियों के हेडक्वार्टर तबाह किए।
आतंकियों के खात्मे के लिए सेना को खुली छूट दी, पाकिस्तान ने कभी नहीं सोचा था कि भारत ऐसा फैसला लेगा।
ये युग युद्ध का नहीं तो आतकंवाद का भी नहीं, ‘टेरर’ और ‘ट्रेड’ एक साथ नहीं चल सकते।
पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया।
पाकिस्तान ने आतंक के खिलाफ साथ देने की जगह हमला किया। पिटने के बाद सीजफायर की गुहार लगाई।
पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं।
हमारी कार्रवाई स्थगित हुई है, अभी बंद नहीं हुई है।
आतंकियों के जनाजे में पाकिस्तानी सेना के अफसर पहुंचे। आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को खत्म कर देगा।
भगवान बुद्ध ने हमें शांति का मार्ग दिखाया है। शांति का मार्ग शक्ति से होकर जाता है।
विकसित भारत के लिए भारत का शक्तिशाली होना जरूरी, जरूरत पड़ने पर शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है।
पाकिस्तान से बात होगी तो सिर्फ आतंकवाद और पीओके पर होगी।
आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं हो सकती, पानी और खून एक साथ नहीं बह सकता।
