Shapoorji Pallonji Infrastructure
नेटवर्क महानगर / मुंबई
इनकम टैक्स में हेराफेरी मामले में बचने के लिए इनकम टैक्स कमिशनर को रिश्वत देने के आरोप में सीबीआई ने नामचीन बिल्डर शापूरजी पलोनजी (Shapoorji Pallonji Infrastructure) समेत ग्रुप के 12 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गत शनिवार को सीबीआई ने हैदराबाद के इनकम टैक्स कमिशनर जीवन लाल लाविदिया समेत 5 लोगों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
सीबीआई के मुताबिक, NDW डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन LLP के खिलाफ चल रहे मामले की सुनवाई इनकम टैक्स कमिशनर जीवनलाल कर रहे थे। इस मामले में आरोपी को लाभ पहुंचाने के लिए जीवन लाल ने मुंबई में 2.5 करोड़ का फ्लैट रिश्वत के रूप में लिया था।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, बिल्डर शापूरजी पलोनजी इन्फ्रास्ट्रक्चर, गुजरात, वडोदरा, से संबंधित एक टैक्स मामले की सुनवाई भी जीवन लाल कर रहा था। इस मामले में भी आरोपी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से इनकम टैक्स कमिशनर जीवन लाल ने रू 1.5 करोड़ रिश्वत मांगी थी। यह रिश्वत विरल मेहता, DGM (taxation) शापूरजी पलोनजी मुंबई से मांगी गई थी। इस मामले में जीवन लाल ने रू 15 लाख की रिश्वत स्वीकार भी की है। रिश्वत लेनदेन के मामले में पूछे जाने पर शापूरजी पलोनजी, मुंबई की ओर से मामले पर अनभिज्ञता व्यक्त की गई है।
इस पूरे मामले में सीबीआई ने हैदराबाद के इनकम टैक्स कमिशनर जीवन लाल समेत, विशाखापट्टनम के नत्था विरा नागा श्री राम गोपाल, श्रीकाकुलम के साईराम पालिशेट्टी, अकाउंटेंट रायापूरेड्डी नरेंद्र, विशाखापट्टनम के लांदा वाराहालू, शापूरजी पलोनजी-मुंबई DGM (taxation) विरल कांतिलाल मेहता, चेंबूर की साजिदा मेहर हुसैन शाह, NDW डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन LLP मुंबई चेंबूर के प्रकाश पवार, ठाणे के वेंचुरा सिक्युरिटी लिमिटेड के नितिन शितोले, अहमदाबाद के हेमंत कुमार शाह और शापूरजी पलोनजी इन्फ्रास्ट्रक्चर, गुजरात, वडोदरा के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है।
