नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की क्राइम ब्रांच यूनिट-12 ने दहिसर चेक नाका पर 33 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त कर, टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया है। विभिन्न ब्रांडों का प्रतिबंधित गुटखा गुजरात से मुंबई लाया गया था। पुलिस ने आयशर टेम्पो सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई है। इस मामले में 30 वर्षीय टेम्पो चालक दिलीप कुमार पाल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुजरात से प्रतिबंधित गुटखा लेकर मुंबई के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने आ रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-12 की टीम ने दहिसर चेक नाका पर जाल बिछाया और संदिग्ध आयशर टेम्पो को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें नमक की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा गया प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन से 42 बोरियां और 15 बॉक्स विभिन्न ब्रांडों के प्रतिबंधित गुटखे के बरामद किए। जब्त गुटखे की कीमत करीब 19 लाख रुपये है, जबकि टेम्पो सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 33 लाख रुपये है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गुटखा मुंबई के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। यह माल किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण-1) नवनाथ ढवले तथा सहायक पुलिस आयुक्त (प्रकटीकरण उत्तर) रविंद्र अडाणे के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप येडे-पाटील, उनकी पूरी टीम तथा एफडीए के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
