नेटवर्क महानगर/मुंबई
चेंबूर इलाके में शुक्रवार, (17 जुलाई) की शाम एक केमिकल टैंकर की मरम्मत के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा मुकुंद नगर स्थित म्हाडा वसाहत के पास मैसूर कॉलोनी क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 6:41 बजे कंट्रोल रूम को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद दमकल विभाग, चेंबूर पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, बेस्ट और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के संबंधित वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव दल ने तत्काल स्थिति को नियंत्रण में लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केमिकल टैंकर पर मरम्मत और मेंटेनेंस का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। तेज धमाके की वजह से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत!
घायलों को तत्काल लोकमान्य तिलक महानगरपालिका (LTMG) अस्पताल, सायन ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, 19 वर्षीय मोहम्मद अकरम का इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वहीं, 48 वर्षीय मोहम्मद फैयाज को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हादसे में लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को भी अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है।
