eknath shinde
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में आगामी निकाय चुनाव से पहले शिवसेना (शिंदे गुट) के नेताओं ने कामर कस ली हैं। इसी कड़ी में सोमवार (25 अगस्त) को शिवसेना के पक्ष प्रवेश अभियान को ठाणे और कल्याण-डोंबिवली में बड़ी सफलता मिली है। कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के दो पूर्व नगरसेवक राजन मराठे और ज्योति मराठे ने शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना का दामन थाम लिया।


वहीं, ठाणे महानगरपालिका के राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के पूर्व नगरसेवक बाबाजी पाटील, पूर्व नगरसेविका पल्लवी मुणगेकर और महेंद्र मुणगेकर ने भी शिवसेना में प्रवेश कर पार्टी का धनुष-बाण हाथों में लिया। यह पक्ष प्रवेश कार्यक्रम महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
इस मौके पर शिवसेना संसदीय दल के नेता और कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, विधायक राजेश मोरे और शिवसेना के सचिव राम रेपाले भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में कल्याण लोकसभा क्षेत्र में कई जनहितकारी और विकासात्मक कार्य हुए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब वे ढाई साल तक मुख्यमंत्री रहे, तब एमएमआर (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन) में विकास की गति और तेज हुई। शिंदे ने दावा किया कि इन्हीं कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति को भारी सफलता मिलेगी।
पक्ष प्रवेश कार्यक्रम में राजन मराठे और ज्योति मराठे के साथ कल्याण-डोंबिवली से उपशहर अध्यक्ष किशोर कोशिंबकर, सुरेश मराठे, रविंद्र बोबडे, संजय तावडे, केतन खानविलकर और सुधीर थोरात समेत सैकड़ों पदाधिकारी शिवसेना में शामिल हुए। इसी तरह, ठाणे में बाबाजी पाटील और आकाश पाटील ने भी शिवसेना का दामन थाम लिया। इस बड़े पैमाने पर हुए पक्ष प्रवेश को स्थानीय राजनीति में महत्त्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
