abu asim azmi
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र में हिंदी और मराठी के बीच चल विवाद के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी ने एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से निवेदन करता हूं कि सख्ती के साथ कानून लागू करना चाहिए।
सपा विधायक अबू आजमी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एमएनएस के लोगों ने कानून का मजाक बनाकर रख दिया है, उन्हें लगता है कोई भी सरकार आए, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। इसके पहले एमएनएस के लोगों ने कई टैक्सी और रिक्शा वालों को मारा और कई हत्याएं हुई, लेकिन आज तक एमएनएस के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।
सपा नेता ने कहा कि हाल ही में एमएनएस के लोगों ने मीरा रोड में एक दुकानदार को मारा, लेकिन अच्छा हुआ वो ताकतवर था, टैक्सी या रिक्शा वाला नहीं था वरना इतने लोग एक साथ नहीं आते।अच्छा था की प्रदर्शन किया। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
अबू आजमी ने कहा कि मीरा रोड की घटना में एमएनएस कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी के खिलाफ वहां के परप्रांतीयों ने शांतिपूर्ण मोर्चा निकाला, लेकिन अब उसके विरोध में एमएनएस का प्रदर्शन पूरी तरह गैरकानूनी है। मराठी भाषा का हम पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन जो मराठी नहीं बोल पाता, उस पर हिंसा करना किसी भी सूरत में जायज़ नहीं है। आगे आजमी ने कहा, मराठी का अपमान कौन कर रहा है और जो अपमान कर रहा है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
