नेटवर्क महानगर/मुंबई
विपक्षी गठबंधन ‘महाविकास आघाडी’ (MVA) और उसके सहयोगी दलों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मंत्रालय में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाविकास आघाडी (MVA) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष पूरी तरह से भ्रमित है और केवल दिखावा करने में लगा हुआ है। फडणवीस ने कहा, मैंने अपने जीवन में इतना कंफ्यूज विपक्ष कभी नहीं देखा। इतने बड़े-बड़े नेता हैं, फिर भी उन्हें यह नहीं पता कि किससे मिलना है और किस विषय पर कहां बात करनी है? लेकिन मुझे लगता है कि असल में उन्हें सब पता है, यह सब केवल एक धारणा बनाने के लिए किया जा रहा है क्योंकि उन्हें पहले से अंदाजा है कि वे हारने वाले हैं।
सोलापुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम फडणवीस ने बताया कि महाविकास आघाडी के नेता मंगलवार को पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम से मिलने गए, जबकि स्थानीय निकाय चुनावों की जिम्मेदारी किसी और अधिकारी (दिनेश वाघमारे) के पास है। उन्होंने कहा, चोकलिंगम का स्थानीय चुनावों से कोई लेना-देना नहीं है। उसके लिए अलग कानून और नियम हैं। फिर भी ये नेता गलत जगह पहुंच गए और बाद में उन्हें एहसास हुआ कि वे गलत जगह आए है तो बुधवार को फिर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी दिनेश वाघमारे से मिलने गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे चुनाव की जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की होती है। आमतौर पर विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूची को आधार बनाकर स्थानीय चुनावों के लिए सूची तैयार की जाती है, जिसमें लोगों को आपत्ति दर्ज कराने, नाम जोड़ने या हटाने का मौका दिया जाता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, अगर किसी के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे आयोग के पास देना चाहिए, लेकिन ये लोग ऐसा कुछ नहीं करते। इन्हें कानून की जानकारी नहीं है, बस दिखावा करना आता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मतदाता सूची में डुप्लिकेट नाम कोई नई बात नहीं है। ये नाम पिछले 10-20 सालों से सूची में हैं। जब वे सत्ता में थे, तब भी यही नाम थे। हमने कई बार इस पर आपत्ति जताई, लेकिन अब ये लोग इसे मुद्दा बनाकर राजनीति कर रहे हैं। सच तो यह है कि उन्हें अपनी हार साफ दिखाई दे रही है।
