Maharashtra Sadan new delhi
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र सरकार ने नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में उपयोग की जा रही पुरानी सरकारी गाड़ियों को बदलने और नई गाड़ियों की खरीद को मंजूरी दे दी है। जारी शासनादेश के मुताबिक, महाराष्ट्र सदन के निवास आयुक्त और सचिव कार्यालय के तहत इस्तेमाल हो रहे तीन वाहनों की नीलामी की जाएगी और उनकी जगह तीन नई गाड़ियां खरीदी जाएंगी। इनमें एक बुलेट प्रूफ वाहन मुख्यमंत्री के उपयोग के लिए खरीदा जाएगा। शासन ने यह खरीद निर्धारित वाहन मूल्य सीमा नीति और वित्त विभाग की शर्तों के अधीन मंजूर की है। अब जल्द ही इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असहजता से बचा जा सके।
सरकारी आदेश के मुताबिक, वर्तमान उपयोग में रही एक बुलेट प्रूफ गाड़ी और दो अन्य सामान्य गाड़ियों को सरकारी परिवहन सेवा के माध्यम से नीलाम किया जाएगा। नई गाड़ियों की खरीद राज्य सरकार की निर्धारित प्रक्रिया, वित्तीय अधिकार नियम पुस्तिका और सरकारी खरीद नीति के तहत की जाएगी। वाहन खरीद के लिए आवश्यक निधि संबंधित लेखाशीर्ष से उपलब्ध कराई जाएगी. जिसमें पूर्ण विवरण उपलब्ध रहेगा।
मुख्यमंत्री के लिए बुलेटप्रूफ गाड़ी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के लिए खरीदे जाने वाले वाहन को बुलेट प्रूफ बनाने का खर्च भी संबंधित सरकारी मद से वहन किया जाएगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री की सुरक्षा और वाहन संबंधी नियमों को देखकर लिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि मुख्यमंत्री के लिए बुलेटप्रूफ गाड़ी का इंतजाम किया जा सके। इसके साथ ही पुराने वाहनों की नीलामी में भी तेजी आएगी। माना जा रहा है इस क्षेत्र की चुनिन्दा कंपनियां ही नीलामी में शामिल होंगी। पिछले दिनों हुई बैठक में इस निर्णय पर अंतिम मुहर लग चुकी है।
बता दें कि यह एक नियमित प्रक्रिया है, जो सुरक्षा एजेंसियों के सुझावों और सलाह के बाद उठाया जाता है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल की सुरक्षा में बुलेट प्रूफ गाड़ियों का ही इस्तेमाल किया जाता है। अभी की कई गाड़ियां काफी पुरानी हो चुकी हैं, जिसके कारण नई गाडियों की खरीद की मंजूरी मिली है। इस प्रोटोकॉल को पूरा करने के लिए यह प्रक्रिया शुरू हुई है।

महाराष्ट्र सदन में महान विभूतियां
नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास कस्तूबरा मार्ग पर बने महाराष्ट्र सदन (न्यू) का उद्घाटन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने 4 जून 2013 को किया था। मार्बल से बना यह भवन कई मायने में खास है। सबसे ख़ास बात है कि यहां बहुजन महापुरुषों की मूर्तियों की स्थापना की गई है। जिनमें महात्मा फुले, शाहू जी महाराज, सावित्री बाई फुले, अहिल्या बाई होलकर, डॉ बाबासाहेब आम्बेडकर आदि की मूर्तियां। 1.7 लाख वर्ग फीट में बना यह ‘महाराष्ट्र सदन’ राष्ट्रपति भवन के बाद दिल्ली में स्थित दूसरा सबसे बड़ा भवन है।
