नेटवर्क महानगर/बारामती
महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा उपचुनाव की राजनीतिक बिसात पर एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस ने आखिरकार इस चुनावी दंगल से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने गुरुवार, (9 अप्रैल) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उम्मीदवारी वापस लेने के निर्णय की घोषणा की। पार्टी ने इस सीट से अधिवक्ता आकाश मोरे को चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन अब उनके नाम वापस लेने से महायुति और एनसीपी की उम्मीदवार सुनेत्रा पवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
बता दें कि विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में शामिल एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष ने दिवंगत नेता अजित दादा के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में बारामती उपचुनाव में अपने उम्मीदवार न उतारने की घोषणा पहले ही कर दी थी। राजीव गांधी भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने बताया कि यह निर्णय वरिष्ठ नेताओं के अनुरोध के बाद लिया गया है। उन्होंने खुलासा किया कि आज सुबह ही एनसीपी (एसपी) गुट के विधायक रोहित पवार ने उनसे मुलाकात कर उम्मीदवारी वापस लेने की विनंती की थी। इसके अलावा, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले ने भी कांग्रेस से चुनाव नहीं लड़ने की अपील की थी।
हर्षवर्धन सपकाल का सरकार पर बड़ा आरोप
उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा के साथ ही हर्षवर्धन सपकाल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भाजपा पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने अजित पवार गुट के भाजपा के साथ जाने को सत्ता की लाचारी करार दिया। उन्होंने कहा, एनसीपी अजित गुट का भाजपा जैसी विषैली विचारधारा के साथ जुड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपकाल ने कहा कि अजित दादा एक कद्दावर नेता थे, लेकिन उनके विमान हादसे को लेकर कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है। सरकार एफआईआर दर्ज ही नहीं करना चाहती। उन्होंने अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और उसके बाद की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में जरुर कुछ छिपाया जा रहा है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है कि इतने बड़े नेता की हादसे में मौत हो गई और कई आरोपों के बावजूद पुलिस मामला तक दर्ज नहीं कर रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वे चुनावी मैदान से भले ही हट रहे हैं, लेकिन इन मुद्दों पर आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।
सुनेत्रा पवार के सामने नहीं है कोई बड़ा उम्मीदवार
गौरतलब है कि अजित पवार की हाल ही में एक प्लेन क्रैश हादसे में मौत हो गई थी। इस लिहाज से बारामती में 23 अप्रैल को उपचुनाव होना था। लेकिन अब जब कांग्रेस के पीछे हटने के बाद अब बारामती में मुख्य विपक्ष की अनुपस्थिति ने इसे लगभग एकतरफा मुकाबला बना दिया है, जिससे सुनेत्रा पवार की जीत पक्की मानी जा रही है। अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर सुनेत्रा पवार का लड़ना एक भावनात्मक और रणनीतिक कदम माना जा रहा है। अब सुनेत्रा पवार के सामने किसी बड़े दल का प्रत्याशी नहीं है, हालांकि बड़ी संख्या में निर्दलीय बारामती उपचुनाव जरुर लड़ रहे हैं। बारामती उपचुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बारामती से आठ बार जीते थे अजित पवार!
पुणे जिले का बारामती दशकों से पवार परिवार का मजबूत गढ़ रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार यहां से लगातार 8 बार जीत चुके थे। अजित पवार ने 1991, 1995, 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 में बारामती विधानसभा सीट पर भारी अंतर से जीत हासिल की।
2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने भतीजे और एनसीपी (एसपी) उम्मीदवार युगेंद्र पवार को 1,00,899 वोटों से हराया था। अजित पवार को 1,81,132 वोट मिले थे, जबकि युगेंद्र पवार को 80,233 वोट मिले थे।
