नेटवर्क महानगर/ठाणे
ठाणे जिले के कल्याण (पूर्व) इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से 16 बार वार करके बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक को बचाने पहुंची उसकी गर्लफ्रेंड भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की तेजी से जांच करते हुए कल्याण क्राइम ब्रांच की टीम ने सिर्फ 36 घंटे में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवक की पहचान अर्जुन गजानन कल्पांडे (28), निवासी गोसाईपुरा, चक्की नाका, कल्याण पूर्व के रूप में हुई है।
प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक, अर्जुन पर धारदार हथियार से 16 बार वार किया गया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उसे बचाने की कोशिश करने वाली उसकी गर्लफ्रेंड भी आरोपियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कल्याण क्राइम ब्रांच ने तुरंत जांच शुरू कर दी। टेक्निकल एनालिसिस, गोपनीय जानकारी और लोकल जांच के आधार पर पुलिस ने सिर्फ 36 घंटे में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश लल्लन झा (28), कल्पेश ज्ञानेश्वर माधवी (21) और करण भारत गायकवाड़ (23) शामिल हैं। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी अविनाश झा आदतन अपराधी है।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ मानपाड़ा, महात्मा फुले और शिवाजी नगर पुलिस थानों में हत्या, मारपीट और दूसरे गंभीर अपराधों के कुल सात मामले दर्ज हैं। कल्याण क्राइम ब्रांच हत्या के पीछे की सही वजह, आरोपी और मृतक के बीच झगड़े की वजह और इस अपराध में कोई और अन्य शामिल है या नहीं, इसकी जांच कर रही है।
