नेटवर्क महानगर/मुंबई
मिरा रोड स्थित हरे कृष्णा मंदिर के पास स्थित एन.एल. डालमिया स्कूल की इमारत की टॉप फ्लोर पर बुधवार, 15 जुलाई सुबह करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (MBMC) के अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अग्निशमन दल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। गनीमत रही कि यह घटना स्कूल शुरू होने से पहले हुई, जिसके कारण स्कूल परिसर में छात्र मौजूद नहीं थे। अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
