आर्थिक तंगी के चलते शुरू किया नशे का कारोबार..
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 9 ने मुंबई के बांद्रा इलाके में ठेले पर केला बेचने की आड़ में एमडी ड्रग्स बेचने वाले एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अली अब्दुल गफ्फार शेख (60), के रूप में हुई है और उसके पास से 35 लाख रुपये कीमत की 153 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। इसके बाद मोहम्मद अली अब्दुल के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मोहम्मद को कोर्ट में पेश किया गया जहा कोर्ट ने उसे 3 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अली मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास केला बेचने का धंधा करता था। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि वह केले बेचने वाले के भेष में एमडी ड्रग्स बेच रहा है। जिसके बाद क्राइम ब्रांच के अधिकारी सिविल ड्रेस में जाल बिछाकर इस पर निगरानी रखने लगे, देर रात मोहम्मद बांद्रा बस डिपो के पास महाराष्ट्र नगर रोड से गुजरते हुए देखा गया, तभी उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इसके बाद उसके ठेले की जांच करने पर पुलिस को एक स्टील का डिब्बा मिला जिसमें 153 ग्राम एमडी ड्रग्स भरा हुआ था। ज़ब्त की गई ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में 35.30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसे एमडी ड्रग्स किसने मुहैया कराई, वह इस धंधे में कितने समय से शामिल है और उसका कोई साथी है, जो कि उसे ड्रग्स सप्लाई करता था। पुलिस मोहम्मद अली शेख पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद अली बांद्रा के एमईटी कॉलेज के पास बीआरडी चाल में रहता है। मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी के चलते, उसने नशे का धंधा शुरू कर दिया। इससे पहले कोई स्थायी नौकरी न होने के कारण वह केले बेचने का काम करता था। लेकिन कम कमाई के कारण उसने फल बेचने की आड़ में एमडी ड्रग्स बेचना शुरू कर दिया।
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि हमें पुख्ता जानकारी मिली थी कि केले का ठेला सिर्फ दिखावा है। हमने सावधानी से कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। फिलहाल, उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
