mumbai sakinaka police action news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
साकीनाका पुलिस स्टेशन की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक बड़ी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की खेप बरामद की है, जिसकी कीमत 381.96 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई मुंबई, पालघर और कर्नाटक तक फैले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क पर की गई।
30 जुलाई को साकीनाका पुलिस ने पवई के हिरानंदानी स्थित प्रमेष्ठ गैलेक्सी इमारत में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। यहां से 21.903 किलो एमडी ड्रग्स (कीमत 43.80 करोड़), 159 किलो 2-ब्रोमो-4-मेथाइलप्रोपियोफिनोन (15.90 लाख) और 376 किलो मोनोमेथाइलअमीन (54 लाख) बरामद किए गए। पवई में जब्त सामग्री की कुल कीमत 43.97 करोड़ आंकी गई है।
इससे पहले 24 अप्रैल को पालघर के वसई स्थित कामोन गांव से 4.53 किलो एमडी ड्रग्स और निर्माण सामग्री (मूल्य 8.04 करोड़) बरामद की गई थी। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने कर्नाटक के मैसूर में एक आरोपी को गिरफ्तार किया और वहां से 187.97 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 330 करोड़ से अधिक आंकी गई। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट,1985 और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। यह ड्रग्स नेटवर्क मुंबई से लेकर दक्षिण भारत तक फैला हुआ था और इसकी आपूर्ति बड़े स्तर पर की जा रही थी। पवई में मिला गोदाम इस नेटवर्क का प्रमुख अड्डा माना जा रहा है।
