pm modi varanasi today news
बोले- मैं यूपी का सांसद, मुझे खुशी है कि हमारे यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को खत्म करेंगी…
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
शनिवार, (2 अगस्त) को पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी 51वीं बार पहुंचे थे। वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी ने सेवापुरी स्थित बनौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के तहत हुए विकास कार्यों की जमकर सराहना की, आत्मनिर्भर भारत की सैन्य शक्ति की प्रसंशा की। साथ ही काशी की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते उसे वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला बताया। पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और सामाजिक विकास पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि आज यूपी तेज गति से औद्योगिक विकास कर रहा है। देश-दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। इसके पीछे भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने सपा शासन की तुलना करते हुए कहा कि सपा के समय यूपी में अपराधी बेखौफ थे, निवेशक यहां आने से डरते थे। भाजपा सरकार में अपराधियों में खौफ है और निवेशक यूपी के साथ अपना भविष्य देख रहे हैं।
मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइलें हमारे UP में बनेगी
पीएम मोदी ने यूपी डिफेंस कॉरिडोर की उपलब्धियों पर गर्व जताया और कहा कि मैं यूपी का सांसद हूं। इसके नाते मुझे खुशी है कि ब्रह्मोस मिसाइलें हमारे यूपी में बनेगी। लखनऊ में इसकी मैन्यूफैक्चरिंग शुरू हो रही है। यूपी डिफेंस कॉरिडोर में बने हथियार भारतीय सेना की ताकत बनेंगे। उन्होंने मौजूद भारी जनसमूह से पूछा कि आत्मनिर्भर सैन्य शक्ति की बात सुनकर आपको गर्व होता है कि नहीं? उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने फिर कोई पाप किया तो यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को तबाह कर देंगी।

ढाई करोड़ किसानों के खाते में भेजे गये हैं 90 हजार करोड़ रुपए!
किसानों और महिलाओं के कल्याण पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी के ढाई करोड़ किसानों को ‘किसान सम्मान निधि’ का लाभ मिला है। 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक रुपये यूपी के किसानों को भेजे गए हैं। मेरी काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले हैं। हम लखपति दीदी अभियान चला रहे हैं। हमारा लक्ष्य देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन चुकी हैं। सपा पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा वाले ये आंकड़े सुनकर साइकिल लेकर भाग जाएंगे।
श्रावण मास में देवाधिदेव महादेव की काशी से पीएम मोदी ने अन्नदाताओं को ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 20वीं किस्त जारी की। सिर्फ एक क्लिक में देश के 9.70 करोड़ से अधिक किसानों के पास सम्मान निधि के रूप में ‘समृद्धि’ पहुंची। सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश के 2.29 करोड़ तथा काशी के 2.21 लाख किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से किसान सम्मान निधि पहुंची। बिना ब्रेक जारी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से अब तक किसानों के खाते में पौने चार लाख करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
यहां आना मेरे लिए सौभाग्य की बात
सेवापुरी के स्थानीय विकास पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां आना भी सौभाग्य की बात है, ये मां कालका देवी की ड्योढ़ी है। मैं कालका देवी को नमन करता हूं। मां कालका धाम का सुंदरीकरण करके इसे भव्य रूप दिया गया है। उन्होंने चांदपुर से भदोही रोड जैसे प्रोजेक्ट का जिक्र किया, जिससे काशी और भदोही के बुनकर जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका लाभ बनारस के सिल्क बुनकरों के साथ भदोही के कारीगरों को भी होगा।
काशी में लगातार जारी है विकास का महायज्ञ
प्रधानमंत्री ने यूपी सरकार को बधाई देते हुए कहा कि मुझे संतोष है कि काशी में विकास का महायज्ञ लगातार जारी है। उन्होंने सेवापुरी के ऐतिहासिक महत्व को याद किया और कहा कि सेवापुरी का इतिहास क्रांतिकारियों का इतिहास रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में यहां के अनेकों लोगों ने भागीदारी की थी। यही वो सेवापुरी है जहां महात्मा गांधी की परिकल्पना साकार हुई। घर-घर महिला-पुरुष के हाथ में चरखा हुआ करता था।
पीएम मोदी ने सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी काशी में सावन के पवित्र महीने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दिनों काशी में गंगाजल लेकर जाते हुए शिवभक्तों की तस्वीरों को देखने का अवसर मिल रहा है। खासकर सावन के पहले सोमवार को जब यादव बंधु बाबा का जलाभिषेक करने गौरी केदारेश्वर से कंधे पर गंगाजल लेकर निकलते हैं, उनका समूह मनोरम होता है। डमरू की आवाज गलियों में कोलाहल से अद्भुतभाव पैदा होता है। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत भावनाओं को साझा करते हुए कहा कि मेरी बहुत इच्छा थी कि सावन के पवित्र महीने में बाबा विश्वनाथ और मार्कण्डेय महादेव के दर्शन करूं, लेकिन मेरे वहां जाने से महादेव के भक्तों को असुविधा न हो, उनके दर्शन में बाधा न पड़े इसलिए मैं आज यहीं से भोलेनाथ और मां गंगा को प्रणाम कर रहा हूं। उन्होंने भोजपुरी में कहा- हम सेवापुरी के ई मंच से बाबा काशी विश्वनाथ के प्रणाम करत हई। नम: पार्वती पतये हर हर महादेव।
पीएम ने सपा पर किया करारा प्रहार
समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री ने उसे वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि सपा के नेता संसद में कह रहे थे पहलगाम के आतंकियों को अभी क्यों मारा? अब बताइए क्या उन्हें फोन करके पूछूं कि मारूं कि न मारूं! क्या आतंकियों को मारने के लिए इंतजार करना चाहिए, उन्हें भागने का इंतजार करना चाहिए।
पीएम ने सपा के शासनकाल की आलोचना करते हुए कहा कि सपा के लोग जब यूपी की सत्ता में थे तब आतंकियों को क्लीन चिट देते थे, बम धमाके करने वाले आतंकियों से मुकदमे वापस लेते थे। इन्हें आतंकियों के मारे जाने से परेशानी हो रही है। प्रधानमंत्री ने काशी की धरती से ऐलान किया कि ये नया भारत है, जो भोलेनाथ को भी पूजता है और देश के दुश्मनों के सामने काल भैरव भी बन जाता है।

इस मौके पर पीएम मोदी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, बृजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र (दयालु गुरु) समेत कई अन्य नेतागण मौजूद रहे।
