नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई मनपा में कांग्रेस ने तीन बार के नगरसेवक अशरफ आजमी को सोमवार को बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में पार्टी का नेता नियुक्त किया है। कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा कि मौजूदा स्थिति और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों पर चर्चा के लिए पार्टी ने हार का सामना करने वाले उम्मीदवारों की बैठक बुलाई। इन उम्मीदवारों में से अधिकतर उम्मीदवार मामूली वोटों के अंतर से बीएमसी चुनाव हारे हैं। उन्होंने कहा कि कुर्ला से जीत हासिल करने वाले अशरफ आजमी को नए सदन के लिए कांग्रेस का नेता बनाया गया है। वंचित बहुजन आघाडी, आरएसपी और आरपीआई (गवई) के साथ गठबंधन में हालिया चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को बीएमसी के इतिहास में सबसे कम सीटों पर जीत मिली है।
कांग्रेस ने जीती 24 सीटें
कांग्रेस पार्टी ने 227 सदस्यीय बीएमसी में सिर्फ 24 सीटें हासिल कर पाई, इस चुनाव में गठबंधन साझेदारों बीजेपी ने 89 जबकि शिवसेना ने 29 सीट पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) ने 65 और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को छह सीटें मिली।

बीएमसी चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला हुआ: वर्षा गायकवाड
वहीं, मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने सोमवार को आरोप लगाया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर गंभीर हमला हुआ, जिसमें उम्मीदवारों पर चुनाव मैदान से हटने के लिए दबाव डाला जाना, पैसे का वितरण और मतगणना के दौरान अनियमितताएं शामिल थीं। उन्होंने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित नगरसेवकों से मुलाकात के बाद कहा कि इन बाधाओं के बावजूद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों ने साहस के साथ मुकाबला किया और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए डटे रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद गायकवाड ने कहा कि हमारे 24 निर्वाचित नगरसेवक वे हैं, जो कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखते हैं। निर्वाचित नगरसेवक 24 कैरेट सोने के समान हैं, इसलिए हमें उन्हें किसी होटल में रखने की आवश्यकता नहीं है, उन पर कोई दबाव नहीं है! हमारे नगरसेवक विचारधारा के प्रति समर्पित हैं।
वर्षा गायकवाड ने आगे कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि नगर प्रशासन जिम्मेदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि हमारे निर्वाचित प्रतिनिधि महानगरपालिका के भीतर मुंबईकरों की आवाज उठाएंगे और उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे।
कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा कि हम कई चुनौतियों के बीच चुनाव लड़ने वाले इस समूह से भविष्य के नेता चुन सकते हैं। हमें जमीनी स्तर पर अपने संगठन को मजबूत बनाना है। इस मौके पर विधायक असलम शेख भी मौजूद रहे।
