नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों के चुनाव पूरे हो चुके हैं और नतीजों के बाद अब सभी की निगाहें देश की सबसे धनी महानगरपालिका (बीएमसी) के अगले महापौर पर टिकी हुई हैं। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) पक्ष प्रमुख और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने बीएमसी में अपनी पार्टी का मेयर बनने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि यह उनका सपना है और ईश्वर की कृपा से यह सपना जरूर पूरा होगा।
शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद शिवसेना भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंबई को गिरवी रखना चाहती है और उसने छल-कपट से चुनाव जीता है। उद्धव ने दावा किया कि मराठी मानुष भाजपा के इस कृत्य को कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा तमाम कोशिशों के बावजूद शिवसेना (यूबीटी) को जमीनी स्तर पर खत्म नहीं कर सकी है। बीएमसी के नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सभी हथकंडे अपनाने के बावजूद भाजपा शिवसेना के कार्यकर्ताओं की निष्ठा और वफादारी नहीं खरीद पाई।
बीएमसी चुनाव में हार का सामना करने के बाद शिवसेना (यूबीटी) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के जरिये कहा कि हमारे पास मेयर के लिए आंकड़ा नहीं है लेकिन हमारा मेयर बने ऐसी हमारी इच्छा थी और आज भी इच्छा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को मराठी के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी वोट दिया है। हमने यह मैंडेट मंजूर कर लिया है। हम लोगों का धन्यवाद करते हैं। उत्तर भारतीय लोगों ने भी हमें वोट किया है।
बीएमसी समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिका चुनाव के नतीजे शुक्रवार (16 जनवरी) को घोषित किए गए थे। बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों में 227 में से 118 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया। बीएमसी पर फिर से शासन करने के लिए शिवसेना (यूबीटी) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने हाथ मिलाया था लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा और शिंदे गुट को कितनी सीटें?
बीएमसी चुनाव में ठाकरे परिवार के गढ़ में सेंध लगाते हुए भाजपा 89 सीटें जीतने में कामयाब रही। वहीं, शिंदे गुट की शिवसेना को यहां 29 सीटों पर जीत हासिल हुई। दोनों मिलाकर ये आंकड़ा 118 पहुंच गया, जो बहुमत के आंकड़े से अधिक है। बीएमसी पर सत्ता पाने के लिए 114 सीटें जरुरी है।
उद्धव और राज ठाकरे को कितनी सीटें मिलीं?
शिवसेना (यूबीटी) और मनसे-एनसीपी (SP) गठबंधन 72 सीट जीतने में कामयाब रहा। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने 65 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने 6 सीट जीतीं। जबकि शरद पवार गुट के एनसीपी (एसपी) के खाते में सिर्फ एक सीट गई।
