Disha Salian Death case Aditya Thackeray
नेटवर्क महानगर/मुंबई
दिशा सालियान की मौत मामले में महाराष्ट्र सरकार की ओर से नियुक्त किये गए अधिवक्ताओं ने बॉम्बे हाईकोर्ट में साफ कर दिया कि दिशा सालियान की मौत के मामले में कोई संदेहजनक जानकारी नहीं मिल पाई है।
गौरतलब है कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की 9 जून, 2020 को मालाड स्थित एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी।
दिशा सालियान के पिता ने इस बाबत बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले की जांच मुंबई पुलिस की SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) अथवा CBI से कराने की मांग की थी। अब महाराष्ट्र सरकार ने बॉम्बे हाईकोर्ट को बताया कि दिशा सालियन (28) की मौत में किसी भी तरह के संदेह की कोई गुंजाइश नहीं है। साथ ही शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे भी निर्दोष हैं।
दिशा सालियान के पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ बर्बरतापूर्ण रेप के बाद हत्या की गई और इसे राजनीतिक रूप से दबाने की कोशिश की गई। रेप और हत्या में आदित्य ठाकरे का भी रोल है, इसलिए उनके भी खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
राज्य सरकार की ओर से मालवणी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर शैलेन्द्र नागरकर ने जवाब दाखिल किया। उन्होंने कहा कि याचिका में लगाए गए आरोप आधारहीन और निराधार हैं। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि दिशा सालियान की रहस्यमयी मौत का मामला हाईप्रोफाइल और विवादास्पद है। इस मामले को 2022 में महाराष्ट्र विधानसभा में भी जोरशोर से उठाया गया था। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक भरत गोगावले और बीजेपी विधायक नितेश राणे ने दिशा सालियान की मौत का मुद्दा उठाकर जांच की मांग की थी। इस पर सदन में विधायकों का खूब हंगामा हुआ था। इस मामले में नितेश राणे ने आदित्य ठाकरे का नार्को टेस्ट कराए जाने तक की बात कही थी।
दरअसल, दिशा सालियान एक सेलिब्रिटी मैनेजर थीं। उन्होंने वरुण शर्मा, सुशांत सिंह राजपूत, भारती सिंह जैसे कई मशहूर फ़िल्मी कलाकारों के साथ काम किया। वह टीवी अभिनेता रोहन राय को डेट कर रही थीं और मौत से कुछ महीने पहले उनकी सगाई भी हुई थी।
8 जून 2020, ही वह तारीख है, जब दिशा सालियान की कथित तौर पर मुंबई के मलाड में एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। उनकी मौत के कुछ दिन बाद 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला भी सामने आया। ऐसे में दोनों मामलों को जोड़कर देखा गया। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट में दिशा सालियान की मौत को आत्महत्या करार दिया था। पुलिस का कहना था कि वह कई कारणों से डिप्रेशन से जूझ रही थीं, जिसके चलते उन्होंने खुदकुशी कर ली। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर जांच करने वाली केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने दिशा सालियान की मौत के मामले में भी छानबीन की थी। इसके बाद सीबीआई की उस टीम ने दावा किया था कि दिशा की हत्या नहीं हुई थी।
