ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Mumbai International Airport पर साढ़े तीन किलो सोना जब्त, दो विदेशी सहित तीन महिलाएं गिरफ्तार!

मुंबई: सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) की टीम ने शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर साढ़े तीन किलो सोना के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें दो विदेशी महिलाएं शामिल हैं। बरामद सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम की टीम इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

कस्टम सूत्रों के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट पर शक के आधार पर तीन महिलाओं को रोका गया और उनके सामान की तलाशी ली गई। इन तीनों के पास तलाशी के दौरान साढ़े तीन किलो सोना पाया गया, जिसे बरामद कर लिया गया। बरामद सोने की कीमत दो करोड़ रुपये है। इन तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन महिलाओं की पहचान रूबीना बानो शेख (41), मैरी मेला और मायला ऑर्डोनेज़ के रूप में की गई है। अब तक की छानबीन में पता चला है कि रुबीना बानो शेख मुंबई के मालवणी इलाके की रहने वाली है, जबकि मैरी और मायला दोनों फिलीपींस की रहने वाली हैं। जांच में पता चला है कि दो विदेशी महिलाओं ने सोना रुबीना को दिया था। इसके बदले में रुबीना को 20 हजार रुपये मिलने वाले थे। इस मामले में छानबीन जारी है और असली तस्कर के बारे में पता लगाने का प्रयास कस्टम की टीम कर रही है।

मुंबई एयरपोर्ट पर आठ किलो सोना जब्त
सीमा शुल्क विभाग की टीम ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार रात यात्रियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान छुपाकर रखा गया 4.69 करोड़ रुपये का आठ किलोग्राम सोना बरामद हुआ। विभाग ने आरोपित 11 यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो विदेशी नागरिक शामिल हैं।
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए आरोपितों ने यह सोना रैकेट की मोम, रेडियम प्लेटेड तार, बकल, वॉशर के आकार की अंगूठियों में छुपाकर रखा था। इसके अलावा सोमवार को अलग-अलग अभियान में कुल 6.11 किलोग्राम सोना, 20,000 डॉलर और मोबाइल फोन जब्त किया गया।