नेटवर्क महानगर/मुंबई
जोगेश्वरी पश्चिम में ओशिवरा पुलिस ने पांच अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फर्जी आधारकार्ड और राशनकार्ड बरामद हुए हैं। ये सभी आरोपी पिछले कुछ सालों से गैरकानूनी तरीके से भारत में घुसकर शहर में रह रहे थे। ये कार्रवाई ओशिवरा पुलिस स्टेशन की सीमा में की गई।
दरअसल, ओशिवारा पुलिस की एटीसी (ATC) टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक जोगेश्वरी के ओशिवरा पश्चिम इलाके में रह रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर संजय चव्हाण के मार्गदर्शन में टीम ने निगरानी शुरू की और जांच शुरू की। इसके बाद जोगेश्वरी के बहराम बाग इलाके में सटीक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से कुल 5 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया, जिनमें 4 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के पास से फर्जी आधारकार्ड और राशनकार्ड बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन दस्तावेजों के जरिए सभी आरोपी मुंबई में पहचान छिपाकर रह रहे थे। दस्तावेजों की सत्यता और नेटवर्क की जांच जारी है। ओशिवरा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन पांचों को भारत में घुसने में किसने मदद की और क्या इनके साथ अन्य लोग भी अवैध रूप से रह रहे है। पुलिस संभावित मानव तस्करी या संगठित गिरोह के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
