नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस के कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए लायंस क्लब ऑफ़ मुंबई SOL ने राष्ट्रीय अमित शाह युवा संगठन (RASYS) के साथ मिलकर सोमवार, (15 जून) को ओशिवारा पुलिस स्टेशन में रेनकोट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया था। इस पहल का उद्देश्य मॉनसून के दौरान शहर की सड़कों पर लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने पुलिसकर्मियों को रेनकोट प्रदान किए और उनके कार्य के प्रति आभार जताया। आयोजकों का कहना है कि मुंबई पुलिस कठिन मौसम और भारी बारिश के बावजूद शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालती है, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।
इस अभियान के तहत वर्सोवा, ओशिवारा, जुहू, धारावी, डी.एन. नगर और आंबोली पुलिस स्टेशनों के साथ-साथ ओशिवारा ट्रैफिक पुलिस डिवीजन में तैनात अधिकारियों को रेनकोट वितरित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से उन पुलिसकर्मियों के लिए शुरू की गई है, जिन्हें बारिश के मौसम में लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहकर ड्यूटी करनी पड़ती है। कई बार लगातार बारिश के कारण उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में रेनकोट जैसी छोटी सुविधा भी उनके काम को आसान बना सकती है।
इस मौके पर प्रसिद्ध अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी सामाजिक कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मुंबई पुलिस के लिए विशेष रेनकोट वितरण अभियान (Monsoon Support Drive) में हिस्सा लिया। जैकी श्रॉफ के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता निदर्शना गोवानी भी इस मौके पर उपस्थित थीं।जिसमें ओशिवारा, वर्सोवा, डीएन नगर, जुहू और अंबोली सहित 7 पुलिस स्टेशनों के पुलिसकर्मियों को रेनकोट बांटे गए।
लायंस क्लब ऑफ़ मुंबई SOL के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सिर्फ एक दान कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा में लगे लोगों की मदद करना सभी नागरिक संगठनों की जिम्मेदारी है। RASYS के सदस्यों ने भी इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाई और इसे आगे भी जारी रखने की बात कही। उनका कहना था कि भविष्य में ऐसे और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। पुलिस अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से उनका मनोबल बढ़ता है और कठिन परिस्थितियों में काम करने की ऊर्जा मिलती है। यह कार्यक्रम मॉनसून के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
