Mumbai Police Mobile Theft Gang Busted
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस ने शहर में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफ़ाश करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 52 चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से शहर के 16 मोबाइल चोरी के मामले सुलझ गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सर जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने की। आरोपियों को भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे धार्मिक आयोजनों, राजनीतिक कार्यक्रमों और बाजारों में लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करने का खासा अनुभव था।
मामले की शुरुआत 26 फरवरी 2026 को हुई जब भेंडी बाजार इलाके में एक युवक का मोबाइल फोन चोरी हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने नल बाजार और मस्तान तलाव जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में निगरानी रखी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपने गिरोह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के बाकी सदस्यों को कुर्ला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया, जब वे मुंबई से उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को नेपाल और बांग्लादेश सीमा के पास मौजूद संपर्कों के जरिए बेच देते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
वहीं, मुंबई पुलिस ने कहा कि शहर में मोबाइल चोरी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को भी भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
