नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां कोस्टल रोड पर रविवार तड़के सुबह एक BMW फ्लाईओवर से गोते लगाते हुए नीचे गिर गई। इस हादसे का हैरान करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार फ्लाईओवर से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। इस घटना में 3 युवकों की मौत हो चुकी है और एक की हालत गंभीर है। चारों युवकों को नायर अस्पताल ले जाया गया था। ये चारों युवक BMW कार के अंदर ही मौजूद थे। इस घटना का हैरान करने वाला सीसीटीवी भी सामने आया है।

मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक्सीडेंट के बाद कार सवार चारों लोगों को नायर हॉस्पिटल भेजा गया था। इसमें 3 की मौत हो गई और एक घायल है, मृतकों और घायल की पहचान की जा चुकी है। यह तेज रफ्तार BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। पुलिस ने बताया कि मृतक मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले थे, सभी मुंबई के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।
मृतकों की हुई पहचान
नायर अस्पताल के अनुसार, मृतकों में धैर्य दर्शन शेठ (17), आदित्य जकासानिया (19), और शनय गज्जर (21) के तौर पर हुई है। एक 20 वर्षीय अज्ञात युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है। हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट के आसपास हुआ। जहां कोस्टल रोड पर लाला लाजपतराय कॉलेज के ठीक सामने, लोटस जेटी के पास यह कार 50 फीट नीचे जा गिरी। बताया जा रहा है कि BMW कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर का कार पर नियंत्रण नहीं रहा। रफ्तार के कारण कार पहले फ्लाईओवर की मजबूत कंक्रीट रेलिंग और दिशा-सूचक साइनबोर्ड को तोड़ती हुई हवा में उछली और सीधे नीचे जा गिरी। नीचे निर्माणाधीन पार्किंग का काम चल रहा था। ऐसे में टक्कर इतनी जोर से हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। अब हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कार हवा में उड़ते हुए फ्लाईओवर से नीचे गिरती है और जमीन से टकराते ही उसमें से धुएं का गुबार उठने लगता है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी और लोगों ने कार से युवाओं को निकालने की कोशिश की। लेकिन कार इतनी बुरी तरह से फंस गई थी कि उसे कटर से काटकर निकाला गया। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
