नेटवर्क महानगर/मुंबई
भोईवाड़ा पुलिस ने मुंबई पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान कथित रूप से नकली हॉल टिकट का इस्तेमाल करने के मामले में एक 20 वर्षीय युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी महिला की पहचान मीनल पिराजी पाटेकर के रूप में हुई है, जो सोलापुर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार, (12 अप्रैल 2026) को दादर पूर्व के नायगांव स्थित गुरुनानक हाईस्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर हुई, जहां मुंबई पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2024-25 की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। शिकायत के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी परीक्षा केंद्र पर पहुंची और कथित तौर पर नकली एडमिट कार्ड के जरिए प्रवेश लेने की कोशिश की। परीक्षा केंद्र पर तैनात महिला पुलिस कॉन्स्टेबल योगिनी काशीनाथ पवार (37) ने यह शिकायत दर्ज कराई है। वह उस दिन सुपरवाइज़री ड्यूटी पर थीं। उनके मुताबिक, आरोपी शुरुआत में क्लासरूम के पास पहुंची लेकिन अंदर जाने के बजाय पास के महिलाओं के वॉशरूम में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर स्टाफ को संदेह हुआ फिर दरवाज़ा खटखटाया गया, तो कुछ समय बाद महिला बाहर आई। उसने खुद को सोलापुर जिले के करमाला तालुका के गोंद्रे गांव की निवासी बताया।
इसके बाद उसका हॉल टिकट जांचा गया और उसे निर्धारित सीट पर बैठने की अनुमति दी गई। हालांकि, बाद में जांच में यह संदेह सामने आया कि इस्तेमाल किया गया हॉल टिकट नकली हो सकता है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता और दस्तावेजों की फर्जीवाड़े से जुड़ा पाया गया है। इसी आधार पर भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी ने नकली हॉल टिकट कहां से और कैसे हासिल किया था।
