Dr. Dayanand Tiwari News Mumbai BJP
नेटवर्क महानगर/मुंबई
देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुंबई ने वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं प्रख्यात साहित्यकार प्रोफेसर डॉ. दयानंद तिवारी को पार्टी का आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। अपनी नियुक्ति पर प्रो. डॉ. दयानंद तिवारी ने भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
डॉ. तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और भारत के विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का वे पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।
प्रो. डॉ. दयानंद तिवारी मूलतः उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के कमालपुर मुबारकपुर पिकार के निवासी हैं। वर्तमान में वे मुंबई स्थित एक विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग में प्रोफेसर एवं शोध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त वे मध्य रेलवे (डीआरयूसीसी) के सदस्य, महाराष्ट्र शिक्षा बोर्ड के सदस्य तथा महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी हैं। साथ ही वे हिंदी साहित्य भारती, महाराष्ट्र राज्य के अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनकी नियुक्ति से भाजपा मुंबई को एक सशक्त और प्रभावी प्रवक्ता मिला है, जो पार्टी के विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगे। उनकी इस नियुक्ति पर तमाम राजनेताओं के अलावा सामाजिक संगठन के लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
