नेटवर्क महानगर/मुंबई
उन्नाव रेप मामले के दोषी पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को राहत मिलने के खिलाफ मुंबई यूथ कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने रविवार, (28 दिसंबर) को लोकल ट्रेनों में हाथ में बैनर लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में यह प्रदर्शन सांताक्रूज से चर्चगेट तक लोकल ट्रेन यात्रा के दौरान किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने यात्रियों से सीधे संवाद करते हुए उन्नाव रेप मामले की पूरी जानकारी साझा की और दोषियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ऐसे फैसले महिलाओं की सुरक्षा को कमजोर करते हैं और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे सरकारी नारों की सच्चाई को उजागर करते हैं।
पार्टी का कहना है कि दोषी को राहत मिलना, न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। कांग्रेस नेताओं ने इसे पीड़िता के संघर्ष के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में किसी भी तरह की नरमी स्वीकार्य नहीं है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में है। लोकल ट्रेन में किए गए इस अनोखे विरोध-प्रदर्शन का उद्देश्य आम जनता तक मुद्दे को पहुंचाना और उनके समर्थन को मजबूत करना था। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तब तक युवक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और हर स्तर पर आवाज उठाई जाती रहेगी।
