mumbai breaking news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में बेस्ट बस चालकों की लापरवाही से लगातार दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आ रही हैं, इसके बावजूद राज्य सरकार कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है। सोमवार दोपहर (18 अगस्त) को बेस्ट बस हादसे में एक मां-बेटे की जान चली गई।
कुछ महीने पहले कुर्ला-पश्चिम में बेस्ट बस ने कई वाहनों और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी थी, जिसमें सात लोगों की मौत होने के साथ 42 अन्य घायल हुए थे। बार-बार बेस्ट बस चालकों की लापरवाही से कई परिवार के लोग अपनों को खो रहे हैं, इसके बावजूद सरकार की आंखें नहीं खुल रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार को भारी बारिश के कारण शहर के सभी स्कूलों को आधे दिन की छुट्टी घोषित करनी पड़ी और अभिभावकों को अपने बच्चों को लेने के लिए कहा गया। एक मां अपने मासूम बेटे को स्कूल से लेकर आ रही थी, तभी एक बेस्ट बस ने यू-टर्न लेते हुए मां-बेटे को कुचल दिया। यह दु:खद घटना वडाला बस स्टॉप स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास दोपहर तीन बजे घटी। बस दादर से वडाला की तरफ जा रही थी। मां सेल्वराज (27) और बेटे एंटनी (7) को इलाज के लिए सायन अस्पाल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एंटनी पहली कक्षा का विद्यार्थी था। गोवंडी निवासी बस चालक बाबू शिवाजी नागेनपेने (40) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर स्थानीय भाजपा विधायक कैप्टन तमिल आर सेल्वन पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
