ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

NCP के सचिन ने घड़ी उतारी, धनुष-बाण उठाया

सचिन अहिर शिवसेना में शामिल

भायखला से चुनाव लड़ेंगे सचिन अहिर?

मुंबई, (राजेश जायसवाल): कहते हैं राजनीति में कोई स्थाई दुश्मन नहीं होता। सियासी हालात कब-क्या करवट ले लें, इसके बारे में पक्के तौर पर तो छोड़िए, अंदाज़ा लगाना भी मुश्किल है…! इसी तर्ज पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। गुरुवार को पार्टी के मुंबई अध्यक्ष सचिन अहिर शिवसेना में शामिल हो गए। सचिन अहिर अपने भारी समर्थकों के साथ सुबह मातोश्री पहुंचे। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने उन्हें रक्षा बांधकर शिवसेना ज्वाइन कराया।
बता दें कि महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इसे एक बड़ा सियासी फैसला माना जा रहा है। सचिन अहिर इससे पहले कांग्रेस-एनसीपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं, और काफी लोकप्रिय नेता माने जाते हैं। रही बात जूनियर ठाकरे की तो अब 52 साल बाद आदित्य एक नया अध्याय लिखने की तैयारी में हैं। सूत्रों की माने तो आदित्य ठाकरे वर्ली से चुनावी मैदान में उतरकर अपनी जीत दर्ज कराना चाहते हैं। वहीँ सचिन अहिर को भायखला से टिकट दिया जा सकता है।

शिवसेना की तरफ से सीएम फेस हो सकते हैं आदित्य
शिवसेना के एक बड़े पदाधिकारी ने कुछ ऐसे ही संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया, इस बार अगर विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां साथ उतरती हैं तो अब सीएम पद के लिए मौका शिवसेना का है। ऐसे में आदित्य ठाकरे के चुनावी मैदान में उतरने से प्रदेश को युवा नेतृत्व भी मिलेगा।