नेटवर्क महानगर/जगदलपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली मनाने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) कैंप पहुंचे हैं। यहां वे सुरक्षाबलों के जवानों के साथ दिवाली मना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाने की जानकारी दी थी। वहीं, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री का आभार जताया है।

पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने इस प्रधान सेवक को मां भारती की सेवा का मौका दिया। 2014 के बाद हालात बदलने लगे हैं। आकंड़े बदलने लगे हैं। हमने नक्सलवाद को खत्म करने का लक्ष्य रखा। यह जीत आपके साहस और वीर जवानों की जीत है। हमारे सुरक्षाबल और पुलिस के जवान विपरीत परिस्थिति में भी डंटे रहे, यह कर्तव्य की जीत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में वामपंथी और माओवादियों को सपोर्ट मिलता था। पहले हमले हो जाते थे लेकिन फोर्स काम नहीं कर पाती थी। हमने नक्सलवाद के खात्मे के लिए सुरक्षाबल के जवानों को नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में हर जरूरी निर्णय के लिए फ्री हैंड दिया। जब तक संकल्प पूरा नहीं हुआ तब तक हम इस मिशन में लगे रहे। बिना प्रचार, बिना दिखावे के हमने माओवाद की कमर तोड़ी। हमने सेवाभाव से नक्सलवादी इलाकों को लोगों के जीवन को बदला। प्रधानमंत्री ने अपने हाथों से जवानों को मिठाइयां भी खिलाई। सबसे बड़ी बात तो यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की जानकारी छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेताओं और अफसरों को भी पहले नहीं थी। पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत किया।
