Bjp MLA Ram Kadam news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के घाटकोपर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राम कदम ने रविवार (17अगस्त) को शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि संजय राउत मानसिक रूप से परेशान है। दरअसल, संजय राउत ने राज ठाकरे की मनसे पार्टी से गठबंधन की बात कही है, जिस पर बीजेपी नेता ने ये प्रतिक्रिया दी है।
बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा कि उद्धव ठाकरे और उनके नेता मानसिक रूप से परेशान हैं। एक तरफ उनके नेता संजय राउत कह रहे हैं कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ उनका गठबंधन होगा, वहीं दूसरी तरफ किशोर तिवारी ऐसा करने से मना कर रहे हैं और उद्धव ठाकरे को खत लिख रहे हैं।ऐसे में वह पूरी तरह से बिखरा हुआ दल है।
कदम ने आगे कहा कि 90 प्रतिशत लोग उद्धव ठाकरे को छोड़कर बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा वाली शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के साथ चले गए हैं। ऐसे में उनके पास कोई नहीं बचा। बीच में जो लोग बचे हैं, वे भी जल्द उन्हें छोड़कर चले जाएंगे। दो अलग-अलग विचारधारा के बीच वे कंफ्यूज हैं। भाजपा नेता ने ये भी कहा कि मनसे एक ओर जहां हिंदुत्व की बात करता है, वहीं दूसरी ओर लोकसभा चुनाव के समय उद्धव ठाकरे के सांसदों की जीत के जश्न में पाकिस्तान के झंडे लहरा रहे थे। वे हिंदुओं के घोर विरोधी हैं। ऐसे में दो विचारधाराएं एक साथ नहीं आ सकतीं।
राहुल गांधी को लेकर कही ये बड़ी बात?
वहीं, बीजेपी विधायक राम कदम ने राहुल गांधी की यात्रा पर राम कदम ने कहा कि संजय राउत को शायद इस बात का ज्ञान होगा कि वोटिंग लिस्ट को लेकर आयोग की जो प्रक्रिया है, उसमें सभी राजनीतिक दल साथ में होते हैं। उन्होंने उस समय आपत्ति क्यों नहीं की? जब चुनाव की सूची बनती है, तो वे पूरी तरह से चुप रहते हैं। चुनाव के बाद जब वे हार जाते हैं, तो धांधली का आरोप लगाते हैं, जब जीत जाते हैं, तो कहते हैं कि सब कुछ ठीक था। ऐसी नौटंकी नहीं करनी चाहिए। राहुल गांधी जो यात्रा निकाल रहे हैं, वो पूरी तरह से नौटंकी है।
