मुंबई , महाराष्ट्र के दूरदराज गांवों तक जाने वाली एसटी की बसों के लिए ड्राइवर और कंडक्टर की नई भर्ती में महिलाओं को कई तरह की राहत देने की घोषणा की गई है।
राज्य के परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष दिवाकर रावते ने बताया कि महिला उम्मीदवारों को शारीरिक कद की पात्रता में राहत दी गई है। 160 सेंटीमीटर कद की शर्त को 153 सेंटीमीटर कर दिया गया है। नई भर्ती में महिलाओं के लिए 30 फीसदी जगह आरक्षित की गई है यानी 2,406 पदों पर महिलाओं की भर्ती की जाएगी।
रावते ने बताया कि एसटी बस चलाने के लिए पहले महिलाओं के पास भारी वाहन चलाने का लाइसेंस जरूरी था, अब सिर्फ ड्राविंग लाइसेंस ही मान्य होगा। चयन के बाद एसटी उन्हें भारी वाहन चलाने की ट्रेनिंग देगा। एसटी महामंडल 8 हजार 22 चालक के पदों पर भर्ती करने जा रहा है। सूखाग्रस्त इलाकों के लोगों को आवेदन करने के लिए अवधि 15 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। अभी तक यह अवधि 8 फरवरी तक थी। भर्ती के लिए 24 फरवरी को सभी जिलों में एक साथ लिखित परीक्षा होगी।
परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने शुक्रवार को एसटी महामंडल की वातानुकूलित शयनयान बसों (शिवशाही) के किराए में कटौती की घोषणा की है। नई दरें 13 फरवरी से लागू होंगी। नई दरों के अनुसार किराए में 230 से 505 रुपये की कमी की गई है। मुंबई से औरंगाबाद जाने वाली बस का वर्तमान किराया 1085 रुपये हैं, जिसे घटाकर 810 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह मुंबई से कोल्हापुर जाने वाली बस के वर्तमान किराए में भी 265 रुपये की कटौती की गई है।
एसटी बसों में कंडक्टरों के बाद महिलाओं की भर्ती ड्राइवरों के तौर पर भी की जाएगी। महिला सशक्तिकरण की इस पहल का स्वागत किया जाना चाहिए। उम्मीद की जानी चाहिए कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और बसों का टाइमटेबल भी सुधरेगा।

