नेटवर्क महानगर
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में रंगोली विवाद ने कुछ ही समय में हिंसक रूप ले लिया। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने यवतमाल में अहिल्यानगर घटना पर कहा कि हमें देखना होगा कि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है? हमें इसकी भी जांच करानी होगी कि कौन है जो सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। क्या कोई लोकसभा चुनाव के दौरान की तरह हमें ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहा है? हर किसी को अपनी धार्मिक प्रथाओं का पालन करने का अधिकार है, लेकिन लोगों के बीच इस तरह तनाव पैदा करना पूरी तरह से गलत है।
अहिल्यानगर पुलिस ने एक प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद 30 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को मौके पर स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए थोड़ी लाठीचार्ज भी करनी पड़ी। यह घटना सोमवार, 29 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई। नवरात्रि उत्सव के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने मालीवाड़ा इलाके में सड़क पर ”I love mohammad” की रंगोली बनाई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया। इस आपत्तिजनक रंगोली को देखने के बाद मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग इकट्ठा होकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने रंगोली बनाने वाले एक शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, समुदाय के लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने तोफखाना पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कोटला में प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधे घंटे बाद, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने और प्रदर्शन खत्म करने के लिए समझाने की कोशिश की, तो भीड़ ने मौके पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसके जवाब में पुलिस को भी हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। अब क्षेत्र में शांति हाल है। इस घटना के संबंध में अहिल्यानगर पुलिस थाने ने एफआईआर दर्ज की गई है और इस मामले में 30 लोगों को हिरासत में लिया है।

लगता है मुसलमान होना ही गुनाह हो गया है!
वहीं, इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक अबू आजमी का बयान सामने आया है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय पर किए गए लाठीचार्ज का विरोध किया और कहा कि महाराष्ट्र में लगता है मुसलमान होना ही गुनाह हो गया है। जब देखो मुसलमान को पीटा जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि ”I love mohammad” को लेकर जो अहिल्यानगर में हुआ वो नहीं होना चाहिए था। लेकिन सरकार ऐसे चीजों पर लगाम क्यों नहीं लगा रही है? उन्होंने कहा कि लगता है सरकार ही ऐसे विवाद खड़े कर हिंदू-मुसलमान करके राज्य का माहौल खराब कर वोट पाना चाहती है।
सरकार चाहती है हिंदू-मुसलमान झगड़ें!
सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि इसका मतलब है कि आप मुसलमानों का जितना चाहें अपमान कर सकते हैं। अगर कोई मुसलमान विरोध भी करता है, तो उस पर लाठीचार्ज किया जाता है। अब कानून नाम की कोई चीज़ नहीं रही। उन्होंने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस से बार-बार कह रहा हूं कि अगर किसी के धर्म के खिलाफ कोई अपमानजनक बात होती है, तो आपको एक कानून लाना चाहिए ताकि उस व्यक्ति को सजा मिले। सरकार खुद चाहती है कि ऐसी चीजें हों, और हिंदू-मुसलमानों के बीच झगड़ा हो।
आजमी ने कहा कि मैं इसकी निंदा करता हूं। मुख्यमंत्री को जांच बाद में करानी चाहिए, पहले उन्हें एक कानून बनाना चाहिए कि जो कोई भी किसी के धर्म के खिलाफ ऐसा करेगा उसे 10 साल की कैद की सजा होगी। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को अपमानित किया गया, मुसलमानों पर लाठीचार्ज भी किया गया और मुसलमानों पर मुकदमे भी दर्ज किए गए। हमने धर्म, धर्मगुरुओं और धार्मिक ग्रंथों का अपमान करने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानून बनाने की मांग की है, लेकिन सरकार यह क़ानून नहीं बना रही है क्योंकि सरकार चाहती है कि ऐसी घटनाएं होती रहें और उनसे राजनीतिक फायदा उठाया जाए।
सीएम फडणवीस ने कही ये बात?
वहीं, अहिल्यानगर की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऐसा लगता है की ये साजिश है। राज्य में तनाव पैदा कर शांति भंग करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें यह भी देखना होगा कि सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कौन कर रहा है? सीएम ने कहा कि इस मामले में जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
