नेटवर्क महानगर/मुंबई
पालघर जिले में भायंदर क्रीक पुल से गुजर रही एक लोकल ट्रेन में से लापरवाही से फेंके गए नारियल की चपेट में आने से 31 वर्षीय एक पैदल यात्री की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह की है। भायंदर क्रीक ब्रिज पर गुजर रही एक लोकल से नारियल फेंका गया था, यह नारियल निर्माल्य था जिसे जल में विसर्जित करने के लिये फेंका गया था। एक अधिकारी ने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान संजय दत्ताराम भोयर के रूप में हुई है। वह काम पर जाने के लिए खराब मौसम के चलते नौका सेवा बंद होने के कारण नायगांव पहुंचने के लिए रेलवे पुल के वैकल्पिक मार्ग से गुजर रहे थे। तभी लोकल ट्रेन के एक यात्री ने निर्माल्य विसर्जन के लिए नारियल फेंका, जो सीधे संजय के कान और आंख के बीच जाकर लगा। उन्हें तुरंत वसई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
