नेटवर्क महानगर/मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार, (3 जुलाई 2026) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये अयोध्या श्री राम मंदिर में दान चोरी मामले पर रविवार, 5 जुलाई 2026 से ‘राम रक्षा आंदोलन’ शुरू करने की जानकारी दी।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि पूरे देश के मन में चिंता है, कोई उत्तरदाई नहीं है, इसके जड़ पर हमला करने का समय आ गया है। बीजेपी के सत्ता का मूल जड़ है राममंदिर है। राममंदिर को लेकर जो आंदोलन हुआ उसमें कई शिवसैनिक शामिल थे लेकिन आज जो हो रहा है वो बेहद चिंताजनक है। राममंदिर की लड़ाई को लेकर मुंबई ने बहुत कुछ झेला है, जिसमें बम विस्फोट और दंगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के उस समय सिर्फ दो सांसद थे, लेकिन राम मंदिर के बाद उनकी आज सत्ता सरकार है।
उद्धव ने कहा कि आज जो विधायक सांसद तोड़े जा रहे है उसे ‘ऑपरेशन’ कहा जा रहा है लेकिन राम मंदिर पर जो डकैती हो रही है उसके सबूत सामने आए है और आरोप है कि ये चोरी के पैसे चुनाव में इस्तेमाल हो रहे है। जैसे अटल बिहारी जी ने कहा था कि अब हिंदू मार नहीं खायेगा, वैसे ही अब हिंदू माफ नहीं करेगा ये कहने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा मैं, हम सब 5 जुलाई को दादर स्थित मारुती मंदिर में जमा होंगे और अपना विरोध जताएंगे, जिन्होंने बालासाहेब का विचार नहीं छोड़ा जो हिंदू है वो इस आंदोलन में शामिल हों।
5 जुलाई 2026 से शुरू होगा ‘राम रक्षा आंदोलन’
हम ‘राम रक्षा आंदोलन’ करेंगे। रविवार का कार्यक्रम शुरुवात है, इसके बाद जहां-जहां राम मंदिर और हनुमान मंदिर है वहां-वहां ये राम रक्षा आंदोलन भाजपा के खिलाफ करेंगे, इसमें आपको भी निमंत्रण है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के नाम पर ये लूट हम सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की भावना और हिंदुत्व के साथ कोई खेल न करे।
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि मैं अयोध्या राम मंदिर, मुख्यमंत्री बनने के पहले भी गया था उसके बाद भी गया। भाजपा ने अपने स्वार्थ के लिए राम मंदिर का मुद्दा किया था आज भी काफी लोग है जो उस समय जेल गए थे कारसेवक मार खाये अब भाजपा उसका फायदा उठा रही है। जो मंदिर लूट रहे है उन्हें हिंदू माफ नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय जो मुंबई में रहते हैं जो ‘जय श्री राम’ कहते हैं वो ‘जय शिवराय’, ‘जय श्री राम’ के नारे के साथ इस आंदोलन में आएं। ठाकरे ने कहा कि जिन हिंदुओं को राम मंदिर में चोरी पसंद नहीं है वो हमारे साथ जुड़ें। उन्होंने बताया कि दादर हनुमान मंदिर पर राम रक्षा श्रोत, हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। ठाकरे ने बताया कि वो अयोध्या भी जाएंगे, लेकिन महाराष्ट्र में पहले ये आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं जो भी रामभक्त हैं सबको आमंत्रित करता हूं, मैं मुंबई में रह रहे उत्तर भारतीयों को भी आमंत्रित करता हूं..वो यहां पर रविवार, 5 जुलाई को दोपहर 4 बजे से राम रक्षा, हनुमान चालीसा का पाठ करने आएं।
