उत्तर प्रदेशशहर और राज्य

UP: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन वाराणसी के चुनाव में अध्यक्ष पद पर डा. कार्तिकेय को मिली जीत

वाराणसी: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन-वाराणसी के चुनाव में अध्यक्ष पद पर डा. कार्तिकेय ने जीत हासिल की है। सोमवार सुबह 11 बजे से तीन बजे तक चली मतगणना में उन्होंने सीधे मुकाबले में डा. एमके श्रीवास्तव को 256 मतों से हराया। डा. कार्तिकेय को 564 तो वहीं डा. श्रीवास्तव को 308 वोट मिले हैं। महामारी संकट के बीच कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए रविवार को सुबह आठ बजे शाम छह बजे तक हुए मतदान में कुल 49.13 फीसद वोट पड़े थे।
सचिव पद पर डा. राजेश्वर नारायण सिंह 455 मतों के साथ विजयी रहे, वहीं डा. अरुण कुमार त्रिपाठी करीबी मुकाबले में 48 वोट से हार गए। उन्हें 407 वोट मिले थे। संयुक्त सचिव के दो पदों पर डा. अभिषेक सिंह व डा. विजय गुप्ता ने क्रमश: 407 व 428 मत पाकर जीत हासिल की। वहीं हारने वाले डा. अजय कुमार सिंह व डा. हेमंत कुमार सिंह को क्रमश: 367 व 327 वोट मिले थे। वित्त सचिव पद पर 503 वोट के साथ डा. मधु अग्रवाल ने डा. शैलेंद्र कुमार सिंह (356 वोट) को शिकस्त दी। वहीं सामाजिक सचिव पद पर डा. अतुल कुमार सिंह ने डा. विशाल सिंह यादव को 131 मतों के अंतर से हराया। दोनों को कमश: 496 व 365 वोट मिले थे। चुनाव अधिकारी डा. अरविंद सिंह ने बताया कि मतों की गणना सुबह 11 बजे शुरू हुई, जो तीन बजे तक चली। शाखा कार्यकारिणी के 21 पद व प्रदेश कार्यकारिणी के 36 पदों पर भी चुनाव संपन्न हुआ। ज्ञात हो कि शारीरिक दूरी का पालन सुनिश्चित करने के लिए आइएमए परिसर में रविवार को तीन मैदानों में कुल नौ पोलिंग बूध बना कर मतदान संपन्न कराया गया था। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का पूरा पालन करते हुए सभी आने वाले चिकित्सकों की थर्मल स्कैनिंग की जा रही थी। वहीं परिसर में सैनिटाइजेशन की भी पर्याप्त व्यवस्था रही। चुनाव के लिए आइएमए के कुल 1787 चिकित्सक पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 878 यानी 49.13 फीसद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।