उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP: रजत जयंती समारोह के रुप में मनाया गया, 25वां राष्ट्रीय एकता महोत्सव

शांति और एकता का पैगाम दे गया एकता महोत्सव

मशहूर भोजपुरी अदाकारा आम्रपाली के गीतों पर रात भर झूमते रहे श्रोता..

प्रतापगढ: सई के किनारे शनिवार की रात का नजारा यादगार बन गया। मौका था बाबा घुइसरनाथ की नगरी में बह रही आस्था की लहर संग कला व संस्कृति के संगम का। यहाँ का उल्लासमय वातावरण देखते ही बन रहा था। बाबा धाम में जहां दिन में शिव के जयकारे लग रहे थे, वहीं रात में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज रही थी। भीड़ को संभालने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए।
प्रतापगढ जनपद की अनुपम विभूति के रुप में आदि गंगा स्यंदिका (सई नदी) के तट पर अवस्थित आध्यात्मिक नगरी बाबा घुइसरनाथ धाम में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित 25वां राष्ट्रीय एकता महोत्सव शांति और एकता का पैगाम दे गया, तो वहीं महोत्सव विकास की नई इबारत लिखने का प्रतीक भी बना।
रामपुरखास की रहनुमाई करने वाले पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने सन 1996 में राष्ट्रीय एकता महोत्सव के आयोजन की शुरुआत एक कृतिम मंच से की थी। शायद उस समय किसी ने यह परिकल्पना नहीं की थी कि जिस समय महोत्सव के आयोजन को 25 वर्ष पूरे होंगे उस समय बाबा घुइसरनाथ धाम विकास की ऐतिहासिक नजीर बनेगा। प्रमोद तिवारी ने बाबा घुइसरनाथ की कृपा से प्रत्येक एकता महोत्सव में विकास की एक नई इबारत लिखने का संकल्प जताया और आने वाले महोत्सव तक उसे मूर्ति रुप दिया। एकता महोत्सव को विशालकाय मंच सौंपा तो महिलाओं के बैठने के लिए विशालकाय आडिटोरियम का निर्माण कराया। मंच के सामने और मंच के पश्चिम दिशा में भी विशालकाय आडिटोरियम का निर्माण कराकर महोत्सव में शामिल होने वाले लोगों को सौंपा। मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार, गंगा सरोवर, गंगा सागर, सई नदी में पक्के घाट दो पैदल सेतुपथ, सोलर प्लांट विद्युत उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डाक बंगला, समेत सैकड़ों परियोजनाओं को मूर्तिरुप दिया।
बाबा धाम में जितने भी विकास कार्य हुए सभी की घोषणा एकता महोत्सव में ही की गई। सूबे में चाहे जिस भी दल की सरकार रही हो लेकिन बाबा धाम के विकास का रथ कभी रुका नहीं। विकास के सिलसिले को गतिमान बनाने में विधायक व सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा (मोना) भी समर्पित भाव से लगी हुई हैं।
25वां एकता महोत्सव जब रजत जयंती के रुप में मनाया गया तो रामपुरखास का जन-समुदाय हर्षोल्लास के साथ शामिल हुआ और दर्जनों विकास की योजनाओं के शिलान्यास का साक्षी बना। चाहे जिस भी राजनैतिक दल व धर्म के लोग रहे हों सभी रजत जयंती महोत्सव के साक्षी बने। महोत्सव की समापन बेला पर उमड़ा एतिहासिक जनसमूह शांति और एकता का पैगाम दे गया। सबसे खास बात तो यह रही कि रजत जयंती पर उमड़ीं लाखों की भीड़ के बावजूद महोत्सव में कोई अप्रिय घटना नहीं घटित हुई। पुलिस प्रशासन के हांथ-पांव जरुर फूले नजर आये, लेकिन यहां की आपसी सद्भावना अडिग नजर आयी। पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व सीएलपी लीडर विधायक आराधना मिश्रा (मोना जी) की शांति और एकता की अपील का लोंगों ने पूरा सम्मान किया।

मशहूर भोजपुरी अदाकारा आम्रपाली के गीतों पर रात भर झूमते रहे श्रोता
एकता महोत्सव की समापन संध्या पर भोजपुरी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे की अदा तथा गीतों के जादू में दर्शक रात भर झूमते रहे। नई झुलनी के छइया बलम दुपहरिया बिता ला हो..गीत पर लोग वाह-वाह कह उठे। पा‌र्श्व गायक रवि त्रिपाठी के बम भोले बम की प्रस्तुति, बेखयाली से तेरा, लंदन ठुमका व उनकी रचना कथरी दर्शकों को खूब भाया। इसके बाद मथुरा की वंदना के सांस्कृतिक दल ने बृज व अवध की होली का दर्शन कराया।

पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों का सारस्वत सम्मान किया तो क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा (मोना) ने आम्रपाली दुबे, रवि त्रिपाठी तथा वंदनाश्री को ‘रजत जयंती एकता सम्मान 2020’ से नवाजा। इनमें मुख्य रूप से प्रो. कामता प्रसाद पीयूष, डा. शिवमूर्ति शास्त्री, द्वारिका प्रसाद तिवारी, डा. ललिता पांडेय, मुकेश वर्मा, विमलेश मिश्र, गौरव द्विवेदी, शिवम सिंह, कैलाशपति मिश्र, त्रिभुवन नाथ मिश्र, धर्मराज यादव प्रमुख है। पूर्व प्रमुख स्व. गोविद सिंह को जनसेवा के क्षेत्र मे योगदान के लिए मरणोपरांत एकता सम्मान प्रदान किया गया।

इस मौके पर प्रमोद तिवारी ने कहा कि बाबा घुइसरनाथ की पूजा तथा अर्चना सदैव रामपुरखास को विकास तथा लोकमंगल के प्रति समर्पण की चेतना दिया करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा (मोना) ने कहा कि यह महोत्सव विविधता में एकता का संदेश देकर आज पूरी मजबूती के साथ भारतीय लोक परंपरा का संवर्धन कर रहा है।
सम्मान समारोह का संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया। इस मौके पर एआईएमटी के निदेशक अंबिका मिश्र, एसडीएम बीके प्रसाद, सीओ जगमोहन, तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव, ईओ सुभाषचंद्र सिंह, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. नीरज त्रिपाठी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल द्विवेदी, ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, नपं प्रतिनिधि संतोष दिवेदी, सुरेंद्र सिंह, डा. अमिताभ शुक्ल आदि मौजूद रहे। (रिपोर्ट: डा.आर.आर.पाण्डेय)