उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP: 90 फीट गहरे कुएं में गिरी 15 साल की किशोरी, 30 घंटे के बाद निकली सुरक्षित!

आगरा: यूपी के आगरा जिले में शनिवार शाम से लापता किशोरी 30 घंटे बाद कुएं में मिली। रविवार रात तकरीबन 12 बजे उसे कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुआं काफी समय से सूखा हुआ है। इसकी गहराई 80 से 90 फीट है। ग्रामीणों का कहना है कि कुएं में कई बार सांप भी देखे गए। किशोरी सकुशल है, यह चमत्कार से कम नहीं है।
मामला शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम राधेधाम ऊंचा का है। गांव निवासी लखपत सिंह की 16 वर्षीय पुत्री पूनम शनिवार शाम को छह बजे कुछ सामान लाने के लिए दुकान पर गई थी। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने किशोरी के लापता होने की जानकारी थाना पुलिस को दी। 
थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने पुलिस की तीन टीमों को किशोरी की तलाश में लगा दी। परिजन और ग्रामीण भी ढूढ़ रहे थे। रविवार रात तकरीबन 12 पुलिस टीम को गांव के बाहर बने कुएं में टॉर्च की रोशनी में हाथ दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और किशोरी को आवाज लगाई। इस पर कुएं से किशोरी की हल्की आवाज आई। 
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रस्सी बांधकर चारपाई कुएं में डाली। इसके बाद किशोरी को बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने इस कुएं में कई बार सांपों को देखा है। 30 घंटे तक किशोरी कुएं में सुरक्षित रही। कुएं में गिरने से भी उसको चोट नहीं आई। थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।