महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: BJP नेता आशीष शेलार बोले- शिवसेना की दशहरा रैली रही फ्लॉप!

मुंबई: भाजपा नेता आशीष शेलार ने सोमवार को कहा कि शिवसेना की रविवार को दशहरा रैली ओटीटी मंच पर एक फ्लॉप फिल्म की तरह थी। उद्धव ठाकरे ने अपने हिंदुत्व की तुलना आरएसएस हिंदुत्व से की। उनका हिंदुत्व अब कांग्रेस और राकांपा के साथ जाने के बाद मिलावटी है। उद्धव को आरएसएस से हिंदुत्व प्रमाणपत्र लेने की जरूरत है।
शिवसेना प्रमुख व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपनी पार्टी की परंपरागत दशहरा रैली में भाजपा पर प्रहार करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के आज के ही वक्तव्यों का सहारा लिया था। महाराष्ट्र में मंदिरों को खोलने को लेकर राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने कुछ दिनों पहले उद्धव को एक पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने शिवसेना को उसकी हिंदूवादी विचारधारा की भी याद दिलाई थी। उद्धव राज्यपाल के पत्र का जवाब पहले भी दे चुके हैं।
पार्टी की दशहरा रैली में भी उन्होंने मोहन भागवत का एक वक्तव्य उद्धृत करते हुए इसका जवाब दिया। भागवत ने रविवार को ही सुबह कहा था कि सिर्फ देव, मंदिर, पूजा, अर्चना ही हमारा हिंदुत्व नहीं है। उद्धव ने भागवत के इसी वाक्य का सहारा लेते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने सवाल किया कि आज जो लोग हमें हिंदुत्व सिखा रहे हैं, अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाते समय उन्होंने चुप्पी क्यों साध रखी थी? उद्धव ने गोवंश पर भी भाजपा की नीतियों को घेरा। कहा कि मां मरे और गाय जिंदा रहे, ये हिंदुत्व हमें नहीं चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि गोवा में गोवंश वध पर पाबंदी क्यों नहीं है? शिवाजी पार्क के ठीक सामने स्थित सावरकर संस्थान के सभागार में अत्यंत सीमित संख्या में शिवसैनिकों को संबोधित करते हुए उद्धव ने भागवत के एक और वाक्य का भाजपा पर हमले के लिए इस्तेमाल किया। भागवत ने कहा था कि राजनीति का मतलब युद्ध नहीं है। उद्धव ने कहा कि यह बात भाजपा को समझनी चाहिए, जो विपक्ष को खत्म करना चाह रही है।
उन्होंने बिहार चुनाव में भाजपा और जदयू गठबंधन पर भी यह कहते हुए निशाना साधा कि बिहार में भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर रखा है। उन्होंने सवाल किया कि संघमुक्त भारत की बात करने वाले नीतीश कुमार अब आपको पसंद आने लगे हैं। नीतीश कुमार हिंदुत्ववादी हो गए हैं या भाजपा सेक्युलर हो गई है?
उद्धव ने भाजपा का नाम लिए बिना इशारों में उस पर अपनी सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि हिम्मत है, तो हमारी सरकार गिराकर दिखाओ। हम बाघ की औलाद हैं। छेड़ोगे तो पछताओगे। उद्धव ने कहा कि आज मैं मुख्यमंत्री पद का मास्क हटाकर बोल रहा हूं। सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण का भी उन्होंने अपने भाषण में जिक्र किया।